शातिर आरोपियों द्वारा बेचने के लिए लाए 5 देसी पिस्तौल और 12 कारतूस जब्त

हडपसर पुलिस स्टेशन के कार्रवाई

पुणे : समाचार ऑनलाइन – एक ही दिन में फायरिंग की तीन वारदातों के बाद से पुणे पुलिस अवैध रूप से हथियार बेचने वालों के खिलाफ अभियान छेड़े हुए है। इसी के तहत हडपसर पुलिस ने तीन शातिर बदमाशों को 5 पिस्तौल और 12 जिंदा कारतूसों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस को खबर मिली थी कि शातिर अपराधी फुरसुंगी में पिस्तौल बेचने के लिए आने वाले हैं, जिसके आधार पर उन्हें दबोच लिया गया।

पकड़े गए बदमाशों के नाम नामदेव अंबादास सिंह (23, फुरसुंगी), बच्चन दिवानसिंह चावला (33, मध्यप्रदेश) और अक्षय रविंद्र चोपड़ा हैं। पुलिस उप निरीक्षक मंगेश भांगे व सिपाही नितीन मुंढे को पेट्रोलिंग के दौरान खबर मिली थी कि नामदेव शिंदे को मध्यप्रदेश से दो शख्स फुरंसुंगी रेलवे पुल के पास देसी पिस्तौल बेचने के लिए आने वाले हैं। पुलिस ने जाल बिछाकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से पुलिस 4 पिस्तौल, 1 रिवॉल्वर और 12 कारतूस सहित कुल 2 लाख 60 हजार रुपए का माल जब्त किया है।

इस कार्रवाई को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सुनील फुलारी, डीसीपी प्रकाश गायकवाड, एसीपी सुनील देशमुख, हडपसर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुनील तांबे, पुलिस निरीक्षक कुंभार, पुलिस निरीक्षक शिंदे, सहायक पुलिस निरीक्षक चव्हाण, सहायक पुलिस निरीक्षक लोणारे के मार्गदर्शन में डीबी के पुलिस उप निरीक्षक मंगेश भांगे, पुलिसकर्मी प्रताप गायकवाड, विनोद शिवले, नितीन मुंढे, अकबर शेख और शशिकांत नाले ने अंजाम दिया।