युवा उद्योगपति शैलेश जोशी ने गोली मारकर की आत्महत्या

पुणे समाचार
अमृत फार्मा के प्रबंधकीय संचालक शैलेश जोशी (40) ने बेलगांव के विजयनगर स्थित अपने आवास पर रविवार देर रात खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। हालांकि अब तक यह पता नहीं चल सका है कि उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया। शैलेश बेलगांव के पूर्व नगराध्यक्ष शरद जोशी के बेटे थे और अमृत मलम, अमृत फार्मा के संचालक थे। रविवार देर रात डेढ़ बजे के करीब उन्होंने अपनी रिवाल्वर से सीने में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज़ सुनकर आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तब तक शैलेश जोशी की मौत हो चुकी थी। जोशी भाजपा से जुड़े हुए थे और सामाजिक कार्यों में भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लेते थे।

वह युवाओं को नशे की गिरफ्त से निकालने के लिए भी काम करते थे, इसी उद्देश्य से उन्होंने व्यसनमुक्ति केंद्र की स्थापना की थी। अमृत फार्मास्यूटिकल की नींव उनकी दादी माई जोशी ने 1938 में रखी थी, जिसे उनके पिता शरद जोशी ने आगे बढ़ाया। कर्नाटक, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत तक अमृत फार्मास्यूटिकल को शैलेश जोशी ने पहुंचाया था। उनका नाम देश के प्रसिद्ध उद्योगपतियों में गिना जाता था। उनके इस तरह दुनिया के जाने से बेलगांव में मातम का माहौल है।