थरूर को मिला शिवसेना का साथ, अमित शाह पर साधा निशाना

नई दिल्ली। समाचार ऑनलाइन

कांग्रेस नेता और तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर को शिवसेना का साथ मिल गया है। शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना में कहा, थरूर ने कहा कि अगर भाजपा साल 2019 (लोकसभा) चुनाव जीतती है तो भारत ‘हिंदू पाकिस्तान’ बन जाएगा। संक्षेप में कहें तो अगर पीएम मोदी फिर से सत्ता में आते हैं तो भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित कर दिया जायेगा। संघ का यही एजेंडा है और थरूर ने इसे कांग्रेस के मंच से कहा है।

शिवसेना ने कहा, भाजपा चाहती है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी थरूर की टिप्पणी के लिये माफी मांगें। लेकिन उन्हें यह समझने की जरूरत है कि थरूर तो सिर्फ भाजपा की भाषा में बोल रहे हैं।

शिवसेना ने सवाल किया कि क्या भाजपा अध्यक्ष अमित शाह उत्तर प्रदेश से पार्टी के एक विधायक की उस टिप्पणी के लिये माफी मांगेंगे जिसमें उन्होंने कहा था कि भगवान राम भी बलात्कार की घटनाओं को रोक नहीं सकते हैं। शिवसेना ने कहा, भाजपा के एक विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा था कि भगवान राम भी बलात्कार की घटनाओं को रोक नहीं सकते। उनकी यह टिप्पणी हिंदुओं का अपमान है। क्या भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को उनकी (विधायक की) टिप्पणी के लिये माफी नहीं मांगनी चाहिए।

गौरतलब हो कि शशि थरूर की टिप्पणी के बाद भाजपा के कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से माफी की मांग करने के बाद शिवसेना का यह बयान आया है