बिक गया किशोर कुमार का 100 साल पुराना घर

भोपाल: गुज़रे ज़माने के मशहूर गायक किशोर कुमार का 100 साल पुराना पुश्तैनी घर बिक गया है। मध्य प्रदेश के खंडवा स्थित उनके इस मकान को व्यापारी अभय जैन ने खरीदा है। किशोर कुमार को अपनी जन्मभूमि खंडवा से बेहद गहरा लगाव था। उनके घर के बिकने को लेकर कई दिनों से बात चल रही थी। सूत्रों के अनुसार, अभय जैन ने दिवंगत किशोर कुमार के परिजनों से घर खरीदने को लेकर डील की थी। इसके बाद शुक्रवार रात को बताया गया कि किशोर कुमार का पैतृक घर बिक गया है। आपको बता दें कि 14 जुलाई 2017 को किशोर कुमार के घर को तोड़ने की कवायद की खबरें मीडिया में सुर्खियों में आई थीं। इसके बाद कलेक्टर अभिषेक सिंह ने पूरे मामले में हस्तक्षेप किया था। कलेक्टर ने कहा था कि उनके रहते हुए किशोर कुमार के घर को तोड़ने नहीं दिया जाएगा।

कुछ ऐसा था जुड़ाव
किशोर कुमार, उनके भाई अशोक कुमार और अनूप कुमार ने अपने प्रारंभिक वर्ष इसी मकान में बिताए थे। किशोर कुमार का जन्म 4 अगस्त 1929 को खंडवा में हुआ था। 13 अक्टूबर 1987 को अपनी मृत्यु से पहले उन्होंने खंडवा जाने की अपनी अंतिम इच्छा व्यक्त की थी, लेकिन यह पूरी नहीं हो सकी। हालांकि उनकी मौत के बाद उनका अंतिम संस्कार खंडवा में ही किया गया था।