एक्शन और कॉमेडी का डबल डोज है “सिंबा”

पुणे : समाचार ऑनलाइन (असित मंडल) – रोहित शेट्टी द्वारा निर्देशित फिल्म “सिंबा” आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म में रणवीर सिंह, सारा अली खान, आशुतोष राणा, सिद्धार्थ जाधव और सोनू सूद लीड रोल में हैं। फिल्म में रणवीर पुलिस ऑफिसर संग्राम भालेराव के रूप में नजर आ रहे हैं, वहीं सारा उनकी गर्लफ्रेंड हैं। ‘सिम्बा’ टिपिकल रोहित शेट्टी स्टाइल मसाला मूवी है। जो कॉमेडी और एक्शन से भरपूर है। सिंबा की कहानी में भले नयापन ना हो मगर एक अलग ट्रीटमेंट के साथ रोहित शेट्टी ने पूरी तरह मनोरंजक फिल्म बनाई है।


फिल्म की कहानी
रणवीर सिंह ने एक पुलिस अधिकारी का रोल अदा किया है। अनाथ सिंबा उर्फ संग्राम भालेराव ने बचपन में ही सीख लिया था कि पैसे कमाने के लिए पॉवर की जरुरत होती है। इसलिए  वो आगे चलकर एक ऐसा पुलिस अधिकारी बन जाता है जो बेईमानी भी पूरी ईमानदारी से काम करता है। भालेराव का एक ही उसूल होता है कि उसने पुलिस की वर्दी अपने लिए पहनी है, किसी और का भला करने के लिए नहीं। इसी बीच, उसका तबादला गोवा कर दिया जाता है। सिंबा इस बात से खुश होता है कि उसे इस पोस्टिंग के साथ ही खूब पैसे भी कमाने को मिलेंगे।  मगर वह नहीं जानता कि यहां आकर उसकी जिंदगी बदलने वाली है। यहां उसे उसकी जिंदगी का प्यार शगुन (सारा अली खान) मिलती है, जो सिंबा की तरह अनाथ है और केटरिंग का काम करती है। यहां उसे आकृति जैसी मुंहबोली बहन, खुद्दार ईमानदार हेड कॉन्स्टेबल मोहिते (आशुतोष राणा), संतोष तावड़े (सिद्दार्थ जाधव) जैसे साथी भी मिलते हैं, जो उसे परिवार के होने का अहसास दिलाते हैं।

इसी के साथ उसका सामना यहां  के जाने-माने डॉन धुर्वा रानाडे (सोनू सूद) से होता है, जो है तो एक फैमिली मैन, मगर सभी तरह के अवैध धंधे करता है। बहरहाल सिंबा को उससे कोई समस्या नहीं, क्योंकि वह सिंबा का मुंह पैसों से बंद कर देता है। फिर एक दिन धुर्वा के दो बदमाश भाई सिंबा की मुंहबोली बहन आकृति का न केवल  बलात्कार करते हैं बल्कि उसे जान से मार देते हैं। आकृति उनकी काली करतूतों की गवाह जो बन चुकी थी। बस उसी के बाद करप्ट पुलिस ऑफिसर सिंबा का ट्रांसफॉर्मेशन होता है और वह न केवल आकृति के हत्यारों को सजा दिलाने का फैसला करता है, बल्कि ईमानदारी के रास्ते पर चलने की कसम खाता है। कहानी में डीसीपी बाजीराव सिंघम की नाटकीय एंट्री जैसे कई टर्न्स और ट्विस्ट आते हैं। क्या सिंबा बदला ले पाएगा और क्या वह सच्चाई की राह अपना पाएगा? ये जानने के लिए आपको फिल्म देखनी होगी।

फिल्म का फर्स्ट हाफ रोलर कॉस्टर राइड की तरह मालूम होता है, जहां कॉमिडी का तगड़ा डोज है। लार्जर देन लाइफ अंदाज में रणवीर की एंट्री है, मगर सेकंड हाफ में कुछ समय के लिए कहानी अपने ट्रैक से फिसलकर बलात्कार के ट्रैक पर आ जाती है, जिसे निर्भया के केस से जोड़कर रोहित ने मेलोड्रैमैटिक और प्रीची बना दिया है, मगर फिर अजय देवगन अपने धांसू अंदाज में आकर फिल्म को फिर ट्रैक पर ले आते हैं। रोंगटे खड़े करने वाले ऐक्शन दृश्य रोहित शेट्टी की स्ट्रेंथ होते हैं, जो यहां भी फिल्म को मजबूती प्रदान करते हैं।

एक्टिंग –
रणवीर सिंह को फिल्म की जान कहें, तो गलत न होगा। उन्होंने सिंबा मराठी एक्सेंट वाले फनी अंदाज में जिया है। उनकी चाल-ढाल, लुक, संवाद अदायगी और ऐक्शन दर्शकों को सीटियां बजाने पर मजबूर कर देता है। सारा अली खान रणवीर के साथ खूब जमी हैं, मगर उन्हें पर्दे पर ज्यादा समय दिखने का मौका नहीं मिला। धुर्वा रानाडे की भूमिका को सोनू सूद ने बहुत ही कमाल के अंदाज में निभाया है। उन जैसा पावरफुल विलन रणवीर जैसे हीरो को खूब टक्कर देता नजर आया है। ईमानदार पुलिस अफसर की भूमिका में आशुतोष राणा ने यादगार परफॉर्मेंस दी है। ठीक उसी तरह सिद्धार्थ जाधव ने दर्शकों का अच्छा मनोरंजन किया है। सहयोगी कास्ट भी शानदार हैं।

फिल्म की खुबिया –
रणवीर सिंह का डांस, एक्शन और कॉमेडी।
फिल्म के डायलॉग्स बहुत अच्छे हैं। जो हंसाते, रुलाते और बहुत कुछ सिखाते हैं।
आशुतोष राणा और सिद्धार्थ जाधव ने रणवीर का साथ बखूबी निभाया है। फिल्म का म्यूजिक।
सोनू सूद का विलेन रोल आपको फिल्म देखने के लिए विवश कर देगा।
फिल्म की कहानी भले ही पुरानी हो, लेकिन यह आपका पूरा मनोरंजन करती है। इसे आप पूरे परिवार के साथ देख सकते हैं।

फिल्म में मिस करेंगे ये चीजें –
सारा अली खान का किरदार बहुत छोटा है।
कमजोर कहानी
मराठी भाषा का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल
फिल्म की लंबाई

बजट
फिल्म 80 करोड़ के बजट में बनी है। फिल्म का डायरेक्शन रोहित शेट्टी ने किया है जबकि करण जौहर इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म 155 मिनट की है। सिंबा संगीत के हिसाब से भी एक बेहतरीन फिल्म कही जा सकती है। इसके गानों को काफी पसंद किया जा रहा है। फिल्म के गाने तेरे बिन‘ में दोनों सितारों का रोमांटिक अंदाज वाकई कमाल का है। गाने को जिन लोकेशंस पर फिल्माया गया वो बेहत खूबसूरत हैं। आँख मारे‘ पहले ही हिट हो चुका है। इस फिल्म को हमारी तरफ से 3.5 स्टार।