तो इसलिए सपना ने की थी ‘मौत’ को गले लगाने की कोशिश…

– जीवन की बाधाओं को लांघ आज करती है लाखों दिलों पर राज

– मशहूर हरियाणवी डांसर सपना चौधरी हुई भाजपा में शामिल  

समाचार ऑनलाइन –  मशहूर डांसर सपना चौधरी ने दिल्ली भाजपा के सदस्यता अभियान के तहत पार्टी की सदस्यता ले ली है। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मनोज तिवारी समेत दूसरे नेताओं के बीच सपना चौधरी पार्टी में शामिल हो गई हैं। पिछले दिनों लोकसभा चुनावों के दौरान सपना चौधरी पार्टी के लिए प्रचार करती हुई देखी गई थीं। तभी से ये कयास लगाए जा रहे थे कि वो भाजपा ज्वाइन कर लेंगी। सपना चौधरी का विवादों से खूब नाता रहा है, एक वक्त ऐसा था जब उन्होंने सुसाइड करने की कोशिश भी की थी।

सपना चौधरी अपनी एक रागनी के कारण विवादों में आ गई थीं। 17 फरवरी 2016 को गुड़गांव के चक्करपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में सपना चौधरी ने रागनी ‘बिगड़ग्या’ गाई थी। इस रागनी में उन्होंने जातिसूचक शब्द बोले थे। रागनी के बोलों पर आपत्ति जताते हुए हिसार में बहुजन आजाद मोर्चा ने शिकायत दर्ज कराई थी।

ये सब होने के बाद हरियाणवी म्यूजिक कम्पनी मोर म्यूजिक ने सपना चौधरी से नाता तोड़ लिया था। मोर म्यूजिक कम्पनी के संचालक राजेश मोर ने एलान किया कि सपना चौधरी से उनकी कम्पनी का कोई ताल्लुक नहीं है। साथ ही कंपनी ने कहा कि सपना चौधरी अगर उनके गानों पर परफॉर्मेंस देंगी तो कंपनी उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी करेगी।

मामले में सपना चौधरी के खिलाफ गुड़गांव में एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर सपना चौधरी को लेकर भद्दे कमेंट्स किए गए और चरित्र हनन की कोशिश की गई। इस बात से आहत होकर सपना चौधरी ने जहर खा लिया था और आत्महत्या की कोशिश की थी।

सपना कई दिन तक आईसीयू में भर्ती रही थीं। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जब वो पहली बार मीडिया के सामने आईं तो उनका दर्द छलक पड़ा। सपना ने कहा था कि सोशल मीडिया में उनके बारे में हर रोज अश्लील मैसेज पोस्ट किए जा रहे थे। यही नहीं लाइव प्रोग्राम के दौरान भी कई बार सरेआम अश्लील हरकतें हो रही थीं।