प्रेमिका के साथ मिल कर बेटे ने की माँ की हत्या

पुणे : माँ और बेटे के रिश्ते को कलंकित करनेवाली ऐसी घटना पुणे में हुई जिसे सुनकर रूह कांप जाएगी। प्यार में रुकावट बन रही माँ को बेटे ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर मार डाला। इस मामले में पुलिस ने दोनो को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को गुमराह करते हुए उसने कहा था कि उसकी माँ की हत्या नांदेड़ के एक व्यक्ति ने की है, लेकिन जांच के बाद असली हत्यारा सामने आ गया।

विशाल राम वंजारी (उम्र 19, नि. माने बस्ती, वढू खुर्द हवेली) और नैंसी गैब्रियल डोंगरे (उम्र 26) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस घटना में सुशीला राम वंजारी (उम्र 38) की हत्या हुई है। इस मामले में लोणीकंद पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।

मंगलवार रात के ढाई बजे के आसपास एक महिला का शव मिलने की जानकारी लोणीकंद पुलिस को मिली। पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। वहाँ सुशीला का शव मिला। मौके पर उसका बेटा विशाल भी था। उसने पुलिस से कहा कि पैसे के लेनदेन मामले में नांदेड़ के शिवा देश्मुख ने उसकी माँ की हत्या कर दी। पुलिस ने इस बात को सच मानकर मामला दर्ज कर लिया। उसके बाद जांच की शुरुआत की। हत्या की बात तो सही साबित हुई लेकिन बेटे द्वारा बताए गए कहानी पर संदेह हुआ। पुलिस ने विशाल को बुलाया। पुलिस ने तकनीकी और वर्दी की धमक दिखाते हुए पूछताछ की तो उसने सारी सच्चाई बता दी। विशाल ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर अपनी माँ की हत्या कर दी।

क्यों की हत्या

विशाल व नैंसी एक दूसरे से प्यार करते थे। विशाल की माँ इस प्रेम संबंध का विरोध कर रही थी। विशाल हमेशा घर से पैसे चुराता था। कल भी उसने 15 हजार रुपए चुराये थे। इस पर माँ बेटे में लडाई भी हुई थी। इसके बाद विशाल को गुस्सा आ गया। उसने प्रेमिका नेंसी के साथ मिलकर अपनी माँ की हत्या करने की प्लानिंग की। उसके बाद उसने चाकू से अपनी माँ पर वार किया। उसके बाद शव को बाहर रख दिया और माँ की हत्या की जानकारी पुलिस को दी। खून किसी और ने किया यह कह कर पुलिस को गुमराह किया, लेकिन लोणीकंद पुलिस ने क्षण भर में गुनहगार का पता लगा लिया।