जिलाधिकारी कार्यालय में बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए अलग कक्ष

पुणे : समाचार ऑनलाइन – मूसलाधार बारिश ने पुणे समेत पूरे पश्चिम महाराष्ट्र में हाहाकार मचा रखा है। कोल्हापुर और सांगली जिले इस बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए लोग आगे आ रहे हैं। मदद कार्य में समन्वय साधने और उसे सुचारू बनाने के लिए पुणे जिलाधिकारी कार्यालय में अलग कक्ष बनाया गया है। इसकी जानकारी देते हुए जिलाधिकारी नवलकिशोर राम ने लोगों से बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए इस कक्ष से संपर्क करने की अपील की है।

बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए बनाए गए इस कक्ष में पानी की बोतलें, बिस्कुट के पैकेट, टॉर्च, शॉल, चटाई, मोमबत्ती, रेडी टू इट के पैकेट आदि मदद के तौर पर दें। यह तमाम सामग्री पुणे के संभागीय आयुक्तालय के सहायता केंद्र के जरिए बाढ़ पीड़ितों के लिए भेजी जाएगी। शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय में बाढ़ के हालातों का जायजा भी लिया गया। इस बैठक में अपर जिलाधिकारी रमेश काले, निवासी उपजिलाधिकारी डॉ. जयश्री कटारे व अन्य अधिकारी शामिल थे।

पुणे जिलाधिकारी कार्यालय में सांगली और कोल्हापुर के बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए बनाए गए अलग कक्ष के जिलावार समन्वय अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है। कोल्हापुर जिले के लिए उपजिलाधिकारी अजय पवार (8856801705), उपजिलाधिकारी आरती भोसले (9822332298), उपजिलाधिकारी नीता शिंदे (9421118446) और सांगली के लिए उपजिलाधिकारी भारत वाघमारे (9850791111), उपजिलाधिकारी सुरेखा माने (7775905315), रवि कोलगे (9511251475) की नियुक्ति की गई है।