उत्तरी बंदरगाह को विकसित करेगा श्रीलंका

कोलंबो, 9 फरवरी (आईएएनएस)| श्रीलंका की कैबिनेट ने उत्तरी जिले जाफना में कानकेसनतुरई (केकेएस) बंदरगाह के विस्तार और विकास के लिए कुल 50 एकड़ जमीन का अधिग्रहण करने की मंजूरी दे दी है। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने शनिवार को श्रीलंकाई मीडिया के हवाले से बताया कि यह निर्णय बंदरगाह एवं जहाजरानी मंत्री जॉनसन फर्नांडो द्वारा केकेएस बंदरगाह से सटे 15 एकड़ भूमि के अधिग्रहण और 35 एकड़ और निजी भूमि के अधिग्रहण के लिए देश के भूमि अधिग्रहण अधिनियम के तहत उचित मुआवजे का प्रस्ताव सौंपने के बाद आया।

केकेएस श्रीलंका में एक ऐतिहासिक बंदरगाह है और सीमेंट निर्माण, कृषि उत्पादों और मत्स्यपालन के प्रसंस्करण सहित कई छोटे उद्योगों से घिरा हुआ है।

30 साल के गृहयुद्ध के कारण बंदरगाह को बंद कर दिया गया था और तभी से यह उपेक्षित पड़ा हुआ है। लेकिन सरकार ने उत्तरी श्रीलंका की आर्थिक संभावनाओं को बढ़ाने के लिए इसे नए सिरे से शुरू करने की योजना बनाई है।