कुत्तों को टहलाने, पार्कों, शॉपिंग सेंटर में ले जाने पर रोक

बीजिंग | समाचार ऑनलाइन – चीन के एक शहर में प्रशासन ने दिन में कुत्तों को पार्कों, शॉपिंग सेंटर, खेलने की जगहों और अन्य सार्वजनिक स्थलों के साथ-साथ बाहर टहलाने पर भी रोक लगा दी है। वेनशान शहर में 29 अक्टूबर को जारी इस आदेश के बाद इसे देशभर में कठोर आदेश कहा जा रहा है। इस आदेश में कहा गया है कि,  कुत्तों को सुबह सात बजे से पहले और रात 10 बजे के बाद ही बाहर टहलाया जा सकता है।
इस आदेश में यह भी कहा गया है कि, कुत्तों की चेन एक मीटर से अधिक नहीं हो सकती है और उन्हें केवल वयस्क लोग ही टहला सकते हैं। बतादें कि,  चीन में कुत्ते पालने पर कड़े नियम लागू हैं। कम्युनिस्ट चीन के संस्थापक माओ त्से तुंग के कार्यकाल में पालतू जानवरों को पालने की प्रवृत्ति को बुर्जुआ शौक के तौर पर माना जाता था। हाल के कुछ दशकों में चीनी परिवारों में कुत्ते पालने का शौक बढ़ रहा है। बीजिंग में भी बड़े आकार वाले कुत्तों पर प्रतिबंध है।