पंजाब हरियाणा में खिली धूप, ठंड का असर बरकरार

चंडीगढ़ (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाइन – पंजाब, हरियाणा में बीते कुछ दिनों से लगातार धूप खिलने के बावजूद व रविवार को ठंड का असर बरकरार है। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में छह जनवरी से मध्यम बारिश हो सकती है।

हरियाणा के करनाल व पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान क्रमश 1.8 डिग्री और चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “पंजाब के औद्योगिक शहर लुधियाना में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा और आदमपुर में 3.3 डिग्री और पठानकोट में 5.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।”

वहीं हरियाणा के रोहतक में न्यूनतम तापमान छह डिग्री, अंबाला में 7.2 डिग्री और नारनौल में 4.9 डिग्री दर्ज किया गया। दोनों राज्यों के कई क्षेत्रों में घना कोहरा बरकरार रहने के बावजूद अधिकतम तापमान 19-22 डिग्री के बीच है। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

आईएमडी के अनुसार, छह और सात जनवरी को पंजाब और हरियाणा में अलग-अलग स्थानों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे आठ जनवरी तक घने कोहरे का असर बने रहने की संभावना है।

visit : punesamachar.com