हिमाचल में धूप खिली, तापमान हिमांक बिंदू से नीचे

शिमला (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – हिमाचल प्रदेश में तीन दिनों तक लगातार हुई बारिश और बर्फबारी के बाद रविवार सुबह धूप खिली है, लेकिन तापमान अब भी हिमांक बिंदू से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “राज्य में धूप खिली है, लेकिन कई स्थानों पर तापमान हिमांक बिंदू से नीचे बना हुआ है।”

लाहौल और स्पीति का मुख्यालय केलॉन्ग राज्य में सर्वाधिक सर्द रहा। यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 11 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। किन्नौर जिले के कल्पा का तापमान शून्य से 4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया, जबकि मनाली का शून्य से 2.8 डिग्री नीचे, शिमला का 8.7 डिग्री, डलहौजी का 2.4 डिग्री, कुफरी का शून्य से 0.4 डिग्री नीचे और धर्मशाला का 3.8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि 19 फरवरी के बाद पूरे राज्य में बादल छाए रहेंगे और इसके बाद कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।