सस्पेंस खत्म, 28 मार्च को कांग्रेस का हाथ थामेंगे ‘शत्रुघ्न सिन्हा’

पटना : समाचार ऑनलाइन – फेमस डायलॉग ‘खामोश’ अभिनेता और बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा 28 मार्च को कांग्रेस में शामिल होंगे। एक दिन पहले ही सिन्हा ने ट्विटर पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की तारीफ की थी। उन्होंने लिखा था कि न्यूनतम आय गारंटी योजना की घोषणा करना ‘मास्टर ऑफ सिचुएशन’ राहुल गांधी का मास्टरस्ट्रोक है। इसने हमारे कुछ अहम लोगों को परेशान कर दिया है और उन्होंने तुरंत एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस घोषणा को छल कपट करार दे दिया।

चर्चायें हैं कि शत्रुघ्न सिन्हा कांग्रेस की तरफ से पटना साहिब सीट से चुनाव लड़ेंगे। शत्रुध्न सिन्हा को बीजेपी का टिकट नहीं मिलने के पीछे कई वजहें गिनाई जा रही हैं। समझा जा रहा है कि बीजेपी नेतृत्व के खिलाफ उनका हमलावर रुख एवं पार्टी विरोधी गतिविधियां उनके खिलाफ गई हैं। पटना साहिब सीट बीजेपी के लिए अनुकूल मानी जाती है। इस सीट के बारे में कहा जाता है यहां बीजेपी के लिए यहां चुनाव जीतना आसान होता है।

शत्रुघ्न दो बार इस सीट से सांसद रह चुके हैं और इसका लाभ उन्हें मिल सकता है। रविशंकर प्रसाद पहली बार इस सीट पर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे इसलिए उनके लिए यहां चुनौतियां ज्यादा होंगी।