बुजुर्ग महिला की मजबूरी का फायदा उठाकर हड़प किए 29 लाख रुपए

पुणे : समाचार ऑनलाइन – बुजुर्ग महिला की सेवा करने के बहाने 29 लाख रुपए हड़पने का मामला प्रकाश में आया है। यह मामला कोंढवा पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। अरुण विक्टरी थॉमस (62) ने इस मामले में शिकायत दर्ज करायी है। इस मामले में सुरेश हरिहरण (50, वाकडेवाडी) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी अनुसार शिकायतकर्ता थॉमस व हरिहरन एक दूसरे को पहचानते हैं। शिकायतकर्ता की बुआ जॉय चांदी यह काफी बुजुर्ग हैं। उनके दिल व घुटनों में तकलीफ के चलते उनकी देखभाल करने के लिए एक सेवक के बारे में पूछा था। इस दौरान हरिहरन ने बताया था कि वह खुद बुजुर्गों की सेवा करता है। ऐसा बोलकर विश्वास हासिल कर बुजुर्ग महिला की सेवा करने लगा था। लेकिन बुजुर्ग महिला का विश्वास हासिल कर बैंक ऑफ इंडिया के उनके बैंक एकाउंट से 28 लाख 84 हजार रुपए निकालकर धोखाधड़ी की। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।