टैक्स प्रैक्टिशनर्स असोसिएशन ने चंद्रकांत पाटिल को बताया निष्क्रिय

पिंपरी । समाचार ऑनलाइन – आए दिन राष्ट्रवादी कांग्रेस पर तोप दागने और खुद को पांच जिलों से चुनकर आनेवाला विधायक बताने वाले भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष व महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटिल पर महाराष्ट्र स्टेट टैक्स प्रैक्टिशनर्स असोसिएशन्स फेडरेशन ने निशाना साधा है। फेडरेशन के अध्यक्ष एड अप्पासाहेब शिंदे ने पाटिल को निष्क्रिय बताते हुए कहा कि, वे 12 सालों से पुणे पदवीधर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक चुने जा रहे हैं मगर यहां के पदवीधारकों के मसले सुलझाने में नाकाम साबित हुए है। उन्हीं की पार्टी करीबन 35 हजार टैक्स प्रैक्टिशनर्स के रोजगार छीनने की साजिश में जुटी है।

एक संवाददाता सम्मेलन में एड शिंदे ने कहा, चंद्रकांत पाटिल राज्य सरकार में महत्वपूर्ण मंत्री हैं। वे विधानसभा या विधानपरिषद के नहीं बल्कि पुणे पदवीधर मतदार संघ के विधायक हैं। मगर गत 12 सालों से उन्होंने पुणे, सातारा, सांगली, कोल्हापुर और सोलापुर जिलों के पदवीधारकों के मसलों को नजरअंदाज किया है। पाटिल खुद को पांच जिलों से चुनकर आने की शेखी बघार रहे हैं मगर इन जिलों के पदवीधारकों के लिए उन्होंने किया क्या है? यह सवाल उठाते हुए एड शिंदे ने पाटिल को उन्हीं के लहजे में ‘आता आमचे ही ठरलय’ यानी अब हमनें भी तय कर लिया है कि पदवीधारकों के ऐसे निष्क्रिय विधायक को अब उतार फेंकेंगे।

उन्होंने यह टिप्पणी भी की कि, पदवीधारकों के विधायक रहे चंद्रकांत पाटिल केवल सत्ता के भूखे हैं। उनका पदवीधारकों के मसलों की ओर ध्यान नहीं है। उनकी सरकार टैक्स प्रैक्टिशनर्स के हक और बुनियादी अधिकारों का हनन कर रही है। एड शिंदे ने यह भी कहा कि देश में टैक्स प्रैक्टिशनर्स का व्यवसाय खत्म करने की बड़ी साजिश रची जा रही है। पुणे पदवीधर मतदार संघ के 35 हजार पदवीधारकों का कभी पूरा न हो सके ऐसा नुकसान इस सरकार ने किया है। इस संवाददाता सम्मेलन में संजय शिंदे, आर. एन. पवार, आर.डी.कुटे, पी.के.महाजन, सी.एम.फुगे आदि उपस्थित थे।