मप्र के तापमान में गिरावट, गर्मी से राहत

भोपाल (आईएएनएस)| समाचार ऑनलाईन – मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में मंगलवार की सुबह पिछले दिनों के मुकाबले कुछ राहत भरी रही। बीते 24 घंटों में तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश से लेकर दक्षिण-पूर्वी राजस्थान तक बने ऊपरी चक्रवात के कारण मौसम में बदलाव आया है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों के अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी एक-दो दिन तक गर्मी में कुछ कमी रह सकती हैं।

राज्य के तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। मंगलवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 20.4 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 16.8 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 18.6 सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सोमवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 38.4 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 36.5 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रहा।