मप्र में तापमान में बढ़ोतरी

भोपाल (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में गर्म हवाओं ने तपिश बढ़ा दी है। बीते 24 घंटों के दौरान खरगोन सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में गर्मी का असर बढ़ रहा है। शुक्रवार को सुबह से मौसम साफ है और तेज धूप निकली हुई है। गर्म हवाओं ने तपिश बढ़ा दी है।

मौसम विभाग के अनुसार, पाकिस्तान और अफगानिस्तान की ओर से आ रही गर्म हवाओं के कारण राज्य में गर्मी का असर बढ़ा है। बीते 24 घंटों के दौरान धार, खरगोन और छिंदवाड़ा में लू का असर रहा, वहीं आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में लू चलने की संभावना है।

राज्य के तापमान में बदलाव का दौर जारी है। शुक्रवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री, इंदौर का 27.6 डिग्री, ग्वालियर का 24.4 डिग्री और जबलपुर का 26 सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं गुरुवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री, इंदौर का 41.7 डिग्री, ग्वालियर का 44 डिग्री और जबलपुर का 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा।