भाजपा नगरसेवक के बिल्डर भाई के खिलाफ मामला दर्ज

पिंपरी। संवाददाता – बकाया पैसों के लिए तकाजा कर रहे बिल्डर के साथ मारपीट करने को लेकर सत्तादल भाजपा नगरसेवक के भाई और उसके साथियों के खिलाफ वाकड़ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। मंगलवार की सुबह 11 बजे के करीब कालेवाडी में यह वारदात हुई है। इस मारपीट से घायल हुए बिल्डर का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह मारपीट सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

घायल बिल्डर का नाम चंदू ईस्सराफिल मंडल (39) निवासी तमारा सोसाइटी, रहाटनी, पुणे है। उनकी शिकायत के आधार पर वाकड़ पुलिस ने पिंपरीगांव निवासी माणिक वाघेरे और उसके सात से आठ साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वाघेरे पिंपरी चिंचवड मनपा में सत्तारूढ़ भाजपा के नगरसेवक संदीप वाघेरे के बड़े भाई हैं। खबर लिखने तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पेशे से आरसीसी कॉन्ट्रैक्टर रहे चंदू मंडल का कालेवाडी विजयनगर के साई विहार अपार्टमेंट में दर्वेश कंस्ट्रक्शन नाम से ऑफिस है। उन्होंने माणिक वाघेरे की कंस्ट्रक्शन साइट पर आरसीसी का काम किया था, जिसका पैसा बकाया था। इसी बकाए पैसे की मांग करने पर वाघेरे ने पहले फोन पर मंडल से गालीगलौज की। इसके बाद ऑफिस के नीचे बुलाकर अपने साथियों के साथ मिलकर उनसे मारपीट की। इसमें मंडल काफी चोटिल हुए हैं और उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बहरहाल वाकड़ थाने के पुलिस उपनिरीक्षक एच पी बांगर मामले की छानबीन में जुटे हैं।