पिंपरी : तेज रफ्तार डंपर की टक्कर में युवक की मौत

पिंपरी। पुणे समाचार – तेज रफ्तार डंपर द्वारा टक्कर मारे जाने से हुए हादसे में एक दोपहिया सवार युवक की मौत हो गई। यह टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पिंपरी गांव में नव महाराष्ट्र स्कूल के पीछे पूर्व महापौर संजोग वाघेरे के जनसंपर्क कार्यालय के सामने बीती शाम यह हादसा हुआ। इसमें मृतक का नाम अक्षय किशोर मोटवानी (20, निवासी हरिकृपा, डेअरी फार्म के पास, पिंपरी, पुणे) है।

पिंपरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अक्षय बीती शाम अपनी दोपहिया पर सवार होकर पिंपरी गांव स्थित नव महाराष्ट्र स्कूल के पीछे से जा रहा था। तब तेज रफ्तार से आये एक डंपर ने उसे टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि गंभीर रूप से घायल हुए अक्षय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस बारे में प्राथमिकी दर्ज कर डंपर चालक गौतम नागनाथ गायकवाड (55, निवासी नवमहाराष्ट्र स्कूल के पास, पिंपरीगांव, पुणे) को हिरासत में लिया है। अक्षय की इस तरह से हुई अचानक मौत से पूरे पिंपरी में शोक व्याप्त है।