नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन – भारत के लिए चंद्रयान-2 मिशन अब तक सफल रहा है। चंद्रयान-2 दो दिन पहले ही चंद्रमा की कक्षा में पहुंच गया था। अब चंद्रयान-2 ने वहां से चंद्रमा की पहली तस्वीर भेजी है। दरअसल इसरो की ओर से चंद्रमा की एक तस्वीर शेयर की गई है। इस तस्वीर में चंद्रमा का स्वरूप, धरती से दिखने वाले चंद्रमा से काफी अलग दिख रहा है। इस बारे में ट्वीट के जरिए जानकारी देते हुए इसरो ने कहा है कि ’21 अगस्त, 2019 को चांद की सतह से लगभग 2650 किमी की ऊंचाई पर # चंद्रयान 2 # विक्रमलैंडर की मदद से ली गई चंद्रमा की पहली तस्वीर। फोटो में ओरिएंटेल बेसिन और अपोलो क्रेटर्स मिशन की लोकेशन देखी जा सकती है।’
Take a look at the first Moon image captured by #Chandrayaan2 #VikramLander taken at a height of about 2650 km from Lunar surface on August 21, 2019.
Mare Orientale basin and Apollo craters are identified in the picture.#ISRO pic.twitter.com/ZEoLnSlATQ
— ISRO (@isro) August 22, 2019
इससे पहले चंद्रयान 2 को चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश कराने की प्रक्रिया को इसरो ने 30 मिनट तक चली प्रक्रिया के जरिए अंजाम दिया था। इस दौरान चंद्रयान 2 की गति 2.4 किमी/सेकेंड से घटकर 2.1 किमी/सेकेंड हो गई थी। इस घटना का जिक्र करते हुए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के अध्यक्ष के. सिवन ने कहा था कि ऐसा होने से उनके दिल की धड़कनें लगभग थम गई थीं लेकिन अंतत: वे इसे सफलतापूर्वक चांद की कक्षा में प्रवेश कराने में सफल रहे।
बता दें कि अपोलो मिशन के तहत ही अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी ने अपने अंतरिक्ष यात्री नील आर्म स्ट्रांग और उनके अन्य साथियों को चंद्रमा की सतह पर भेजा था। नील आर्म स्ट्रांग चांद की सतह पर कदम रखने वाले पहले इंसान बने थे। चंद्रयान 2 के तहत भारत ने अपना एक रोवर चांद की सतह पर उतारने की योजना बनाई है। अब तक यह मिशन बिल्कुल सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। लैंडर सात सितंबर को चंद्रमा की सतह पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करेगा और यदि यह बेहद जटिल प्रक्रिया सफल होती है तो रूस, अमेरिका और चीन के बाद भारत चांद पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने वाला दुनिया का चौथा देश बन जाएगा।