दस सालों में सबसे गर्म रहा गुरूवार का दिन

पुणे : समाचार ऑनलाईन –  पुणे में गर्मी ने पिछले दस सालों का रिकार्ड तोड़ दिया। अप्रैल के महीने का यह गुरुवार (25 अप्रैल ) इस दशक का सबसे गर्म दिन रहा। पुणे शहर में 41.6 डिग्री सेल्सियस तो लोहगांव में तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इससे पहले 16 अप्रैल 2010 को अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। इसके बाद 2019 में अप्रैल के महीने में इतना अधिक तापमान रिकार्ड किया गया है। इसके अलावा आने वाले तीन-चार दिनों में विदर्भ के कई स्थानों पर तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। यह जानकारी पुणे मौसम विभाग के प्रमुख अनुराम कश्यपी ने दी है। पुणे में बुधवार को 41.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया जो औसत से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। गुरुवार को 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया जो औसत से 3.6 डिग्री अधिक है।  आगे भी गर्मी लगातार बढ़ने का अनुमान है। पुणे में तापमान बढ़ने से दिन भर भीषण गर्मी का अहसास होता है तथा बाजारों में भी भीड़ कम नजर आ रही है।

बच्चों और बुजुर्गो पर विशेष ध्यान देने की जरूरत  मौसम विभाग के प्रमुख अनुराग काश्यपी ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में और अधिक वृद्धि हो सकती है। इस भीषण गर्मी में बच्चों, बुजुर्गो और गर्भवती महिलाओं को विशेष ध्यान देने की जरूरत है।  घर से बाहर निकलते समय सिर और मुंह को कपड़े से ढंककर तथा ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थ या पानी पीने की सलाह भी दी है।  महाबलेश्वर में भी पारा 33.4 डिग्री सेल्सियस पर
महाराष्ट्र का सबसे ठंडा स्थान माना जाने वाले स्थान महाबलेश्वर में भी तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। विदर्भ और उत्तर महाराष्ट्र में भी 27 से 29 अप्रैल तक भीषण गर्मी होने का अनुमान है। विदर्भ के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से उपर पहुंच गया है।

राज्य के कुछ स्थानों पर रिकार्ड किया गया तापमान

शहर         तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
अहमदनगर         43.6
जलगांव            43.0
कोल्हापुर            40.7
मालेगांव             42.6
नासिक             40.5
सांगली            41.2
सातारा            40.4
उस्मानाबाद         42.5
परभणी            45.0
अकोला             46.3
अमरावती         45.0
बुलढाना             42.5
ब्रह्मपुरी             45.5
चंद्रपुर             45.4
नागपुर             44.3

गर्मी से बचने के लिए यह उपाय करें 

* घर से बाहर निकलते समय धूप का चश्मा लगाएं
*सफेद कपड़े पहनें
*सिर पर हेलमेट या कैप पहनें
*मुंह पर रूमाल या कपड़ा बांधे
*हाथ में भी मोजे पहनें