कर्नाटक में ‘पिक्चर अभी बाकी है – मल्लिकार्जुन खरगे 

कर्नाटक में ‘पिक्चर अभी बाकी है – मल्लिकार्जुन खरगे 

बेंगलुरु, पुणे समाचार ऑनलाइन

ढाई दिन में ही भाजपा के येदियुरप्पा द्वारा मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद ठंडी पड़ी कर्नाटक की सियासत फिर उफान पर आने के आसार नजर आ रहे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कर्नाटक में पिक्चर अभी बाकी है का बयान देकर सभी को चौंका दिया है। उनके बयान पर तरह-तरह के तर्क-वितर्क लड़ाए जा रहे हैं। इससे कर्नाटक के सियासी घमासान इतनी जल्दी शांत नहीं हो सकेगा, यह कयास भी लगाए जा रहे हैं।

कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने बयान में कहा कि, कर्नाटक में राज्य सरकार कैसी होगी? इसका पूरा फैसला हाइकमान करेंगे। कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है जबकि जेडीएस एक प्रादेशिक पार्टी। राज्य सरकार का स्वरूप तय करते समय इस बात का खयाल रखा जायेगा। साथ ही इसी के अनुसार कांग्रेस की सरकार में हिस्सेदारी तय होगी। खड़गे के बयान ने कर्नाटक की सियासत में खलबली मचा दी है। ऐसे में कांग्रेस और जेडीएस दोनों कर्नाटक सरकार की गाड़ी ठीक तरीके से हांक सकेंगे या नहीं? यह सन्देह भी निर्माण हुआ है।

ढाई दिन में ही भाजपा की सरकार ढहने के बाद कर्नाटक में कांग्रेस व जेडीएस गठबंधन की सरकार का रास्ता साफ हो गया है। जेडीएस के नेता कुमारस्वामी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, इसकी घोषणा भी की गई। मगर किस दल के कितने मंत्री होंगे, किसके पास कौन- कौन से मंत्रालय होंगे? इस बारे में इन दोनों दलों के बीच एकमत नहीं हो सकने की जानकारी सामने आई हैं। फिलहाल कुमारस्वामी मुख्यमंत्री बनेंगे केवल यही तय माना जा रहा है। 24 घण्टों में बहुमत साबित करने की घोषणा के बाद कुमारस्वामी कल (सोमवार) दिल्ली पहुंच रहे हैं। वे कल कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। जेडीएस के सूत्रों के अनुसार शपथविधि कल की बजाय 23 मई को होगा जिसमें तेलंगणा के मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बॅनर्जी, युपीए की अध्यक्षा सोनिया गांधी, काँग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधीं समेत विपक्षी दलों के कई नेता शामिल होंगे।