आईपीएस ज्योतिप्रिया सिंह पर कार्रवाई को लेकर विधायक ने दी इस्तीफे की चेतावनी

नागपुर। समाचार ऑनलाइन

राष्ट्रवादी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री छगन भुजबल के नाम पर गालीगलौज करने वाले श्रीगोन्दा के पुलिस निरीक्षक महावीर जाधव को तत्काल निलंबित किया गया। इस पर कोल्हापुर से शिवसेना के विधायक राजेश क्षीरसागर ने भी आईपीएस ज्योतिप्रिया सिंह पर कार्रवाई की मांग की। यही नहीं उन्होंने इसके लिए उन्होंने विधानसभा में ही इस्तीफे की चेतावनी दे दी।

2008 में गणेश विसर्जन रैली के दौरान डॉल्बी इस्तेमाल को लेकर आईपीएस ज्योतिप्रिया सिंह ने क्षीरसागर और उनके कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया था। सियासी दबाव के बाद भी उन्होंने अपनी भूमिका नहीं बदली। आज जब सदन में पूर्व उपमुख्यमंत्री भुजबल के साथ ग़ैरबर्ताव को लेकर पुलिस निरीक्षक को निलंबित करने का आदेश दिया गया। तब क्षीरसागर ने अपना मुद्दा उठाया और हमनें क्या पाप किया है? यह सवाल उठाते हुए उन्होंने आईपीएस ज्योतिप्रिया सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने कहा, बीते छह साल से यह मामले अधिकार हनन समिति के पास लंबित है। अब तक हमें न्याय नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि, तब आईपीएस ज्योतिप्रिया ने गवाहों को भी धमकाया और समिति के अधिकारों का हनन किया। अगर उनके खिलाफ कार्रवाई नही की जाती है तो विधायकी से इस्तीफा देने की चेतावनी भी उन्होंने दी है। इस मुद्दे पर अन्य विधायकों ने भी प्रशासन और पुलिस की मनमानी और विधायकों के साथ ग़ैरबर्ताव के उदाहरण पेशकर नाराजगी जताई।