ससुरालवालों से तंग आकर महिला ने बच्ची की हत्या कर की खुदकुशी

ढाई साल की बच्ची को कुएं में फेंक महिला ने पिया जहर

पति के साथ पुणे में रहनेवाली महिला ने भोर में की आत्महत्या

पुणे समाचार 

पुणे के भोर गांव में ससुरालवालों की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने अपनी बेटी की हत्या करके खुद जहर पीकर खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। इस घटना का खुलासा आज सुबह 9 बजे के करीब हुआ। मृतक महिला अपने पति के साथ पुणे के धनकवडी इलाके में रहती थी, पर मूल गांव भोर तहसील के हातवे गांव में है, पति से घरेलू वाद विवाद के चलते झगड़ा हुआ और अपने ससुरालवालों के गांव आकर महिला ने अपने साथ साथ बेटी की जिंदगी भी समाप्त कर दी।प्राप्त जानकारी अनुसार इस घटना में नीलम मनोज थिटे (25) और केतकी मनोज थिटे (ढाई साल) की मौत हो गई है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी अनुसार इस मामले में महिला के पिता दिलीप शंकर राव तलेकर ने शिकायत दायर करवायी है। पुलिस ने मनोज दिनकर थिटे (पति), रत्नमाला दिनकर थिटे (सास) और जयश्री दिनकर थिटे (ननद) के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

शिकायतकर्ता अनुसार ससुरालवाले हमेशा महिला को घरेलू कामकाज को लेकर ताना दिया करते थे, ठीक से खाना नहीं बनाने आता। हमेशा सजने संवरने में लगी रहती है, नहाने में दो से तीन घंटा लगाती है। शादी में ठीक से मान सम्मान नहीं किया। इस बात को लेकर महिला को हमेशा ससुरालवाले ताना दिया करते थे। जिससे परेशान होकर महिला पुणे के अपने घर से गुस्से से हातवे गांव में आयी। उसने सबसे पहले अपनी बेटी को घर के पास के कुएं में फेंक दिया और खुद घर में जाकर जहर पीकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने बताया कि पति के बयान के मुताबिक पति पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अनबन हुई थी, ऑफिस जाने के बाद पत्नी गुस्से से घर से बाहर चली गई थी। जब पति घर आया तो पत्नी को घर में नहीं पाकर , काफी ढूंढने की कोशिश की। रिश्तेदारों को फोन करके पत्नी के बारे में पता लगाया। जब वे पत्नी को ढूंढते हुए गांव आए तो घर में पत्नी की लाश पायी। यह देखकर सभी हैरान हो गए, फिर उसके बाद सभी लोग बच्ची को ढूंढने लगे तो बच्ची की लाश कुएं से बरामद की। यह मामला राजगड पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है।