एड मंचरकर की गिरफ्तारी मामले की केंद्रीय महिला व बालकल्याण मंत्रालय ने ली दखल

एड मंचरकर की गिरफ्तारी मामले की केंद्रीय महिला व बालकल्याण मंत्रालय ने ली दखल

पिंपरी। पुणे समाचार ऑनलाइन

मकोका की कार्रवाई के बाद एक महिला पर गोलीबारी कराने के मामले में पिंपरी पुलिस ने राष्ट्रवादी कांग्रेस की नगरसेविका गीता मंचरकर के पति एड सुशील मंचरकर को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ की गई कार्रवाई राजनीति से प्रेरित रहने का आरोप नगरसेविका ने लगाया है। इस मामले निष्पक्ष जांच की मांग उन्होंने की है। केंद्रीय महिला व बालकल्याण मंत्रालय ने इस मामले की।दखल लेते हुए पुणे पुलिस को बिना किसी दबाव में आये पारदर्शी जांच के आदेश दिए हैं।

बीते दिन नगरसेविका मंचरकर ने एक संवाददाता सम्मेलन में उपरोक्त आरोप लगाया था। साथ ही उनके सियासी विरोधी उनके परिवार को लगातार आतंकित करने की कोशिश कर रहे हैं। उनके पति को झूठे मामले में फंसाने के साथ ही उनका व उनकी बेटियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, उनका पीछा किया जा रहा है। उनके विरोधियों ने उन्हें इस कदर आतंकित कर छोड़ा है कि उनके समक्ष बेटियों के साथ आत्महत्या करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। उन्होंने यह भी कहा कि गोलीबारी के आरोपियों को पकड़ने के बाद असलियत सामने आ जाएगी।

जिस महिला ने गोलीबारी के मामले में शिकायत दर्ज कराई है और उसमें एड सुशील मंचरकर के कहने पर गोलीबारी कराने की बात कही है, उसने पहले भी उनके खिलाफ एक झूठी शिकायत दर्ज कराई है। यह सब उसने मंचरकर के सियासी विरोधियों के कहने पर किया है, यह आरोप भी नगरसेविका मंचरकर ने लगाया है। इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री, महिला आयोग को पत्र भेजा है। ऐसा ही एक पत्र उन्होंने केंद्रीय महिला व बालकल्याण मंत्री मेनका गांधी को भी भेजा था। इस पर मंत्रालय ने पुणे पुलिस को इस मामले में निष्पक्ष व पारदर्शी जांच के आदेश दिए हैं।