विदेश मे बैन चीजों का भारत मे हो रहा इस्तेमाल

पुणे : समाचार ऑनलाइन

एक विकासशील देश के नागरिकों को विकसित देश के लोगों के मुकाबले कमतर ही आंका जाता है। लेकिन क्या वाकई दोनों प्रकार के देशों के लोगों में फर्क होता है। एक सामान्य की मानसिकता यह है कि विकासशील देश के लोगों की जिंदगी विकसित देश के मुकाबले सस्ती मानी जाती है। इस बात की पुष्टि उस रिपोर्ट से होती है जिसमें बताया गया था कि भारत में जो इंजेक्शन सिरिंज इस्तेमाल की जाती है वो ब्रिटेन में प्रतिबंधित हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि केवल सिरिंज ही नहीं, ऐसी चीजों की एक लंबी लिस्ट है, जो दुनिया के कई देशों में प्रतिबंधित हैं, पर भारत में धड़ल्ले से उपयोग की जा रही हैं।

इंजेक्शन सिरीज ड्रावर

इन सिरिंज को ब्रिटेन की नेशनल हेल्थ सर्विस ने असुरक्षित घोषित किया था। बावजूद इसके ये भारत, नेपाल और दक्षिण अफ्रीका के अस्पतालों में उपयोग किए जा रहे हैं और चिकित्सक संगठनों में भेजे जा रहे हैं। सुरक्षा चेतावनियों के बाद इन्हें असुक्षित बताया गया था, यह चेतावनियां साल 1995 में जारी की गई थीं। बावजूद इसके यह सिरिंज भारत के कई अस्पतालों में आज भी इस्तेमाल की जा रही हैं।

एनर्जी ड्रिंक

एक विशेष ब्रांड का एनर्जी ड्रिंक है जिसके बारे में कहा जाता है कि इसे पीने से एनर्जी में कई गुना वृद्धि हो जाती है। इससे विचारों को पंख लगने लगते हैं। लेकिन यही ड्रिंक डिप्रेशन, हाइपरटेंशन और दिल की बीमारियों को भी बढ़ावा देती है। यह फ्रांस और डेनमार्क में प्रतिबंधित है। लोकिन भारत में यह आसानी से उपलब्ध ही नहीं है बल्कि युवाओं में काफी पॉपुलर भी है।

सिरदर्द की दवा

सिरदर्द की एक ऐसी दवा है जिसे सिर दर्द दूर करने के लिए खाया जाता है। भारत के लगभग हर मेडिकल स्टोर ही नहीं बल्कि किराना स्टोर में भी यह आसानी से मिल जाती है। इस दवा के टीवी पर कई विज्ञापन भी आते हैं। बता दें कि इस दवा को कई देशों ने सुरक्षित नहीं माना है इसलिए इसपर कई देशों में प्रतिबंधित है।
कीटाणु जनित दूध
माना जाता है कि अनपॉस्चुराइजड दूध में खतरनाक बैक्टीरिया और किटाणू पाए जाते हैं जिसकी वजह से इसका सेवन करना खतरनाक माना जाता है। जिसके कारण इसे अमेरिका और कनाडा में प्रतिबंधित किया गया है। वहीं भारत में यह दूध बहुत आसानी से बिना किसी डर के डेयरियों पर मिल जाता है।

जेली

हमारे देश में ना केवल बच्चे बल्कि बड़े लोग भी जेली खाना पसंद करते हैं। जेली से बनी मिठाईयां और टॉफी हर दुकान में मिल जाती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ये भी सेहत के लिए सुरक्षित नहीं है। जेली को अमेरिका, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में बैन किया गया है। उनका मानना है कि इसे खाने से बच्चों का दम घुटने का खतरा बढ़ जाता है।

दर्द निवारक दवा

दर्द निवारक दवा जो कई देशों में प्रतिबंधित है वह भारत में बहुत आसानी से मेडिकल स्टोर पर बिना किसी डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के मिल जाती है। बता दें कि यह दवा अमेरिका, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों में वर्षों से प्रतिबंधित है। निमुलिड नाम की यह दवा के खाने से इसका सीधा असर लीवर पर पड़ता है और उससे संबंधित बीमारियां होने का खतरा रहता है।

कीटनाशक

कीटनाशकों का भारत में धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहा है। यह जहरीले होते हैं ये बात तो सभी जानते हैं। किसान इनका इस्तेमाल कीड़ों से अपनी फसल को बचाने के लिए करते हैं। करीब 60 तरह के कीटनाशकों को भारत में आराम से इस्तेमाल किया जा रहा है। लेकिन यही कीटनाशक विदेशों में बैन हैं। उनका मानना है कि यह खतरनाक कीटनाशक खेतों में छिड़कने से अनाज में भी चले जाते हैं, और जब हम वह अनाज खाते हैं तो यह आसानी से हमारे शरीर में पहुंच जाता है। कीटनाशक युक्त अनाज और फल खाने से एलर्जी से लेकर कैंसर तक की बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है।

चुइंग गम

हमारे देश में बहुत से लोग चुइंग गम खाना पसंद करते हैं। कुछ को तो इसकी लत ही लग जाती है। जिसके बाद इसे जहां भी जगह मिले लोग फेंक देते हैं। जहां भी इसे रखा या फेंका जाता है ये वहीं चिपक जाती है। इसी कारण से इसे सिंगापुर में बैन किया गया है।