सर्दी हो या गर्मी रोज़ाना 14 घंटे तालाब में रहती है ये महिला

कटवा : समाचार ऑनलाइन – पश्चिम बंगाल के कटवा जिले से हैरान करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक महिला आंख खुलते ही तालाब का रुख कर लेती है। वह 14 घंटे तक पानी में रहती है। हालांकि, ऐसा वो आनंद के लिए नहीं बल्कि मज़बूरी के चलते करती है। गोवई गांव में रहने वाली इस महिला की उम्र करीब 60 साल है। महिला की मानें तो वह बीस साल से रोज सुबह उठते ही तालाब की ओर निकल पड़ती है। हर रोज बारह से 14 घंटे तालाब में ही रहती है और फिर शाम ढलते ही घर लौट आती है। महिला लगभग अपना पूरा दिन गले तक पानी में रहकर ही बिताती है। वह वर्ष 1998 से ऐसा कर रही है।

घर वालों के मुताबिक महिला एक बीमारी की वजह से ऐसा करती है। उसकी त्वचा में काफी जलन होती है इसलिए वह अपना दिन का ज्यादातर हिस्सा तालाब में ही गुजारती है। यहां तक कि वह खाना भी तालाब में ही खाती है। महिला के बेटे का कहना है कि 20 साल पहले मम्मी की तबीयत खराब होने के कारण धूप में आते ही उनकी त्वचा जलने लगती थी और पानी में राहत मिल जाती थी। इस बीमारी की वजह से ही उन्होंने अपनी जिंदगी जीने का ये रास्ता खोज लिया और तालाब ही उनका अस्थाई आशियाना बन गया।