ग्रेडसेपरेटर के खिलाफ व्यापारियों की हड़ताल

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन – ट्रैफिक की समस्या हल करने के लिहाज से थेरगांव डांगे चौक में पिंपरी चिंचवड मनपा द्वारा ग्रेडसेपरेटर परियोजना प्रस्तावित की गई है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। हालांकि इस परियोजना पर स्थानीय व्यापारियों द्वारा कड़ा विरोध किया जा रहा है। उनका कहना है कि इस परियोजना से हमारा कारोबार चौपट हो जाएगा। रविवार को डांगे चाैक के व्यापारियों ने बंद का ऐलान किया और अपनी दुकानें बंद कर ग्रेडसेपरेटर परियोजना को रद्द करने की मांग की।
ग्रेडसेपरेटर परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की गई है। व्यापारियों का कहना है कि अधिग्रहण समन्यायी नहीं हो रहा। एक तरफ से ज्यादा भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। इसी वजह से व्यापारियों द्वारा इस परियोजना का विरोध किया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण में भी उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ा। अब दोबारा ग्रेडसेपरेटर के लिए अधिग्रहण करने से हमारा कारोबार चौपट हो जायेगा,  ठप्प पड़ जायेगा। मनपा प्रशासन और सत्तादल भाजपा अपनी मनमानी के चलते यह परियोजना लादने की कोशिश कर रहे हैं, यह आरोप लगाया जा रहा है।
स्थानीय व्यापारियों ने ग्रेडसेपरेटर रद्द करने की मांग के लिए आज बन्द का ऐलान किया और नारेबाजी करते हुए प्रशासन व सत्तादल की कड़ी निंदा की। व्यापारियों ने मीडिया को बताया कि, ग्रेडसेपरेटर का काम गलत तरीके से हो रहा है। उसकी बजाय डांगे चौक में पूर्णतः 45 मीटर चौड़ीकरण करें, यहां सड़क पर बैठकर व्यवसाय करनेवाले फलवाले, सब्जी वाले, रिक्शा, टेम्पो चालक व अन्य पथारी व्यवसायियों का हटाकर सड़क 150 फीट खुली करें, इसके बाद सम प्रमाण में दोनों तरफ से ग्रेडसेपरेटर का निर्माण किया जाय, आदि मांगें उन्होंने की है। साथ ही ग्रेडसेप्रेटर को एक तरफ ज्यादा सरकाने के मामले में दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है।