ट्रांसपोर्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, बढ़ेगी महंगाई!

नई दिल्ली: आम आदमी की परेशानी फिर बढ़ने वाली है। देश भर के ट्रांसपोर्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं, लिहाजा खाने-पीने की वस्तुओं की कमी के चलते दाम बढ़ना तय है। हालांकि ऑल इंडिया कन्फेडरेशन ऑफ गुड्स ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने कहा है कि हड़ताल से दूध, सब्जी, दवाइयों जैसी जरूरी चीजों की ढुलाई को हड़ताल से अलग रखा गया है। लेकिन जानकारों का मानना है कि हड़ताल का प्रभाव इन पर पड़ना लाज़मी है।

ये हैं वजह
एसोसिएशन के अध्यक्ष बी चेन्नारेडी ने कहा कि डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी, थर्ड पार्टी बीमा प्रीमियम में इजाफा और जीएसटी से जुड़ी दिक्कतों के चलते हड़ताल का ऐलान अप्रैल में ही कर दिया गया था। सरकार से कई दौर की बैठकें नाकाम रहीं, जिसके चलते हड़ताल का फैसला लिया गया। संगठन के सचिव कौसर हुसैन ने बताया कि देशभर में लोडिंग शनिवार से ही बंद हो चुकी है, ऐसे में ढुलाई पर असर पहले दिन से ही दिखने लगेगा। हालांकि दूध, सब्जी, दवाइयों जैसी जरूरी चीजों की ढुलाई को हड़ताल से अलग रखा गया है।

हड़ताल लंबी खिंची तो…
ऑल इंडिया फाउंडेशन ऑफ ट्रांसपोर्ट रिसर्च एंड ट्रेनिंग ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि यदि हड़ताल लंबी खिंची तो कुछ श्रेणी के उपभोक्ता सामान की किल्लत भी हो सकती है। ट्रांसपोर्टरों का आरोप है कि सरकार डीजल से रोड टैक्स के रूप में 8 रुपए प्रति लीटर और टोल चार्ज के रूप में 8 रुपए प्रति किलोमीटर वसूल रही है। इसके चलते ट्रांसपोर्ट और संबंधित उद्योगों को करीब 3000 करोड़ का रोजाना नुकसान हो रहा है। आपको बता दें कि ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस, दिल्ली गुड्स ट्रांसपोर्ट ऑर्गनाइजेशन, दिल्ली गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन फिलहाल इस हड़ताल में शामिल नहीं हैं, ये संगठन जुलाई से हड़ताल पर जाएंगे।