ट्रंप-मेलानिया ने किया ताज का दीदार, गाइड से पूछे ये सवाल

आगरा : समाचार ऑनलाइन – अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का आज भारत दौरे का आखिरी दिन है। आज सुबह 10 बजे ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया का राष्ट्रपति भवन में पारम्परिक तरीके से स्वागत किया जाएगा। भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया जाएगा। इसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी और ट्रंप के बीच भारत-अमेरिका रिश्तों में वैश्विक साझेदारी पर विस्तार से चर्चा होगी।

इससे पहले कल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया ने कल ताजमहल का दीदार किया। इस दौरान ट्रंप और मेलानिया ने गाइड नितिन सिंह से दास्तान-ए-ताज पर कई सवाल पूछे। बता दें कि ताज के मुख्य गुंबद में शहंशाह शाहजहां और मुमताज महल की कब्रें देखकर जब इनके तामीर होने की दास्तां सुनी तो फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप भावुक हो उठीं।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ने ताजमहल में रोमांटिक पलों को जिया और हाथों में हाथ डालकर चलते रहे। दोनों ने प्यार भरी नजरों से ताज को निहारा। सुनहरी आभा लिए ताजमहल में चिड़ियों की चहचहाहट और बेहद शांत माहौल में ट्रंप और मेलानिया ने 85 मिनट बिताए। बेटी इवांका और दामाद जेरेड के साथ ताज पहुंचे ट्रंप और मेलानिया ने गाइड नितिन सिंह से हर एक पहलू पर सवाल किया।

गाइड से पूछे ये सवाल –
सबसे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने गाइड से पूछा कि ताजमहल को किसने बनाया ? इसके जवाब में नितिन सिंह ने बताया कि मुगल शहंशाह शाहजहां ने बेगम अर्जुमन्द बानो बेगम उर्फ मुमताज महल की याद में ताजमहल बनवाया। 1631 से 1648 के बीच ताजमहल बना।

1.   डोनाल्ड ट्रंप: ताजमहल बनाने वाले कारीगर कहां से आए ?
नितिन सिंह: ताज को 20 हजार से ज्यादा कारीगरों ने 17 साल में बनाया। ये कारीगर देशभर से आए, जो संगमरमर की इमारतें बनाने में माहिर थे। डिजाइन उस्ताद अहमद लाहौरी ने बनाया और शिराजी के अमानत खान को गुंबद पर केलीग्राफी का काम सौंपा गया। तुर्की के गुंबद बनाने के शिल्पी इस्माइल खान अफरीदी ने गुंबद बनाया।

2.  डोनाल्ड ट्रंप: ताज के लिए संगमरमर कहां से आया?
नितिन सिंह: राजस्थान के मकराना से संगमरमर आया। काला पत्थर दक्षिण भारत के कडप्पा से लाया गया। रूस, ईरान, इराक, मिस्र, अरब, चीन, श्रीलंका, समुद्र आदि जगहों से कीमती पत्थर लाए गए।

3.  मेलानिया: शाहजहां को कहां कैद किया गया था?
नितिन: शाहजहां को उसी के बेटे औरंगजेब ने कैद कर आगरा किला के मुसम्मन बुर्ज में आठ साल तक रखा। बेहद भावुक होते हुए मेलानिया ने टिप्पणी की कि ये अजीब है ना, जिसने इतना सुंदर मकबरा बनाया, उसे कैद कर लिया गया।

4.  डोनाल्ड ट्रंप: आवाज यहां कैसे गूंजती है?
नितिन सिंह: ताज में डबल डोम यानी दोहरा गुंबद है। पिन ड्रॉप साइलेंस में बोलने पर आवाज गूंजती है।

5.  डोनाल्ड ट्रंप:  इसकी सफाई कब और कैसे होती है और अब तक कितनी बार ताज की सफाई हो चुकी है?
नितिन सिंह: पांच साल से ताजमहल की सफाई चल रही है। प्राकृतिक तरीके से बिना किसी रसायन के मडपैक ट्रीटमेंट से ताज की सफाई की गई है। 370 सालों में केवल एक बार मडपैक ट्रीटमेंट से सफाई हुई है। ताज पुराने रंगरूप में आ चुका है।

6.  इवांका : क्या शाहजहां ने सच में ताजमहल बनाने वाले कारीगरों के हाथ कटवा दिए थे?
जवाब: नहीं, यह झूठ है। शाहजहां ने कारीगरों से वादा लिया था कि वे अब काम नहीं करेंगे। इसके बदले उनके जीवनभर का मेहनताना दिया था।

7.  इवांका  : मुमताज महल की मृत्यु कैसे हुई थी?
जवाब : 14वें बच्चे (गौहरा बेगम) को जन्म देने के बाद तबीयत बिगड़ जाने से।