बलात्कार पर बिगड़े बोल: मोदी के मंत्री ने कहा-होती रहती हैं घटनाएं, बतंगड़ न बनाएं

नई दिल्ली: बलात्कार जैसे संगीन मामलों पर मोदी सरकार के मंत्री कितने गंभीर का इसका अंदाज़ा केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार के बयान से हो जाता है। गंगवार का कहना है कि इतने बड़े देश में 1-2 घटना हो जाए तो बात का बतंगड़ नहीं बनाना चाहिए। मंत्री महोदय ने आगे कहा कि ऐसी घटनाएं (रेप के मामले) दुर्भाग्यपूर्ण होती हैं पर कभी-कभी रोका नहीं जा सकता है। सरकार सक्रिय है सब जगह, कार्रवाई कर रही है। इतने बड़े देश में 1-2 घटना हो जाए तो बात का बतंगड़ नहीं बनाना चाहिए। मालूम हो कि इससे पहले भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने भी कहा था कि आजकल बलात्कार की घटनाओं की पब्लिसिटी हो रही है।

हर रेपिस्ट को मिले फांसी
वहीं, 2012 में दिल्ली में हुए गैंगरेप पीड़िता की मां आशा देवी ने पॉक्सो ऐक्ट में संशोधन के लिए अध्यादेश के सरकार के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा, ‘यह एक अच्छा कदम है पर उनका क्या जिनकी उम्र ज्यादा है? रेप से बड़ा जघन्य अपराध दूसरा नहीं होता, इससे बड़ा दर्द नहीं होता। हर रेपिस्ट को फांसी की सजा होनी चाहिए।’