उप्र : कांग्रेस की पूर्व सांसद राजकुमारी रत्ना सिंह भाजपा में शामिल

 

प्रतापगढ़, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)| प्रतापगढ़ से तीन बार कांग्रेस की सांसद रहीं राजकुमारी रत्ना सिंह मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं। इस दौरान राजकुमारी के साथ उनके सैकड़ों समर्थक भी भाजपा में शामिल हो गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रतापगढ़ के गड़वारा बाजार में सदर सीट पर हो रहे उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजकुमार पाल के समर्थन में जनसभा करने आए हैं। योगी आदित्यनाथ ने राजकुमारी को भाजपा की पट्टी पहनाकर पार्टी में शामिल कराया।

इस दौरान मंच पर अपना दल(एस) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल, कैबिनेट मंत्री मोती सिंह, स्वामी प्रसाद मौर्या तथा प्रतापगढ़ के सांसद संगम लाल गुप्ता मौजूद रहे।

ज्ञात हो कि राजकुमारी रत्ना सिंह पूर्व विदेश मंत्री दिवंगत राजा दिनेश सिंह की पुत्री हैं। राजा दिनेश सिंह प्रतापगढ़ से चार बार और उनकी पुत्री राजकुमारी रत्ना सिंह तीन बार 1996, 1999 और 2009 में सांसद रह चुकी हैं।

अभी हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहीं राजकुमारी रत्ना सिंह के समर्थन में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रचार किया था, लेकिन उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा था।

इसके पहले अमेठी के डॉ. संजय सिंह पत्नी अमीता सिंह के साथ भाजपा में शामिल हो चुके हैं। रायबरेली सदर से विधायक अदिति सिंह कांग्रेस के खिलाफ हो चुकी हैं। रायबरेली के हरचंदपुर से कांग्रेस विधायक राकेश सिंह लगातार बगावती बयान दे रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस को बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।