यूपी की महिला व 4 साल के मासूम की हैदराबाद में हत्या, पति फरार

हैदराबाद : समाचार ऑनलाईन – सनतनगर के जिंकलवाड़ा में एक महिला और उसके बेटे की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक महिला के पति पर ही संदेह व्यक्त किया है, जो वारदात उजागर होने के बाद से फरार है। पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश निवासी राजेश अपनी पत्नी उर्मिला (उम्र 30 वर्ष) और बेटे किशन (उम्र 4 वर्ष) के साथ यूपी से रोजगार की तलाश में हैदराबाद आया। उसे पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इस बात को लेकर दोनों में झगड़े भी होते थे। उर्मिला की बहन उसके घर के पास ही रहती है तथा उसने कई बार राजेश को समझाने की कोशिश की। राजेश अक्सर यह कहता था कि किशन भी उसकी संतान नहीं है तथा उर्मिला के अवैध संबंध के कारण वह पैदा हुआ।

सोमवार सुबह उर्मिला की बहन घर आयी तो बाहर से ताला था। दोपहर दो बजे फिर उसने घर पर ताला देखा। उसे संदेह हुआ और उसने पड़ोसियों की मदद से ताला तोड़कर मकान के अंदर देखा तो उर्मिला और उसके बेटे मृत पाये गये। मृतक महिला की लोहे की रॉड से और उसके बेटे की मौत पानी की बकेट में डुबोकर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने संदेह व्यक्त किया कि राजेश दोनों की हत्या करने के बाद फरार हो गया। राजेश की उर्मिला के साथ यह दूसरी शादी थी। पहली पत्नी उसकी यातनाओं से तंग आकर आत्महत्या कर चुकी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया हॉस्पिटल भेज दिया है। पुलिस फरार राजेश की तलाश कर रही है।