कांग्रेस की उर्मिला ने शरद पवार से मुलाकात की

मुंबई : पुणे समाचार – बॉलिवुड अभिनेत्री व उत्तर मुंबई से कांग्रेस की उम्मीदवार उर्मिला मातोंडकर ने एनसीपी प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की।

इस संबंध में खुद उर्मिला ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी। इस मुलाकात में हुई चर्चा की जानकारी सामने नहीं आई, लेकिन उर्मिला ने ट्विट कर बताया कि गुरु के समान व महान व्यक्तित्व के धनि पवार साहेब का मार्गदर्शन मिलने से अब मेरी यात्रा जीत की ओर है। मेरे संघर्ष को मजबूती देने के लिए उनके प्रति हार्दिक आभार। उन्होंने मुलाकात के विभिन्न फोटो शेयर किये और ङ्गआपली मुंबईची मुलगीफ (आपकी मुंबई की बेटी) हैशटैग का इस्तेमाल किया।

बता दें कि मुंबई उत्तर से उर्मिला का भाजपा सांसद गोपाल शेट्टी से सामना हो रहा है। वर्ष 2014 के चुनाव में शेट्टी ने कांग्रेस नेता संजय निरुपम को हराया था। वर्ष 2014 में गोविंदा ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़कर भाजपा नेता राम नाईक को हराया था। कहा जाता है कि गोविंदा ने क्षेत्र में कुछ भी कार्य नहीं किया। मुंबई के बारिश से बदहाल होने के बाद वे समाचार चैनलों से ठीक से बात भी नहीं कर सके थे। वर्ष 2009 के चुनाव में गोविंदा के बजाय संजय निरुपम को टिकट मिला। इस बार उर्मिला मातोंडकर आम जनता में घुल-मिलकर चुनाव प्रचार कर रही हैं तथा विभिन्न नेताओं से मिल रही हैं।

गैर-मराठी भाषी मतदाता निर्णायक

उत्तर मुंबई संसदीय क्षेत्र दहिसर से मालाड तक फैला है। इस क्षेत्र में मराठी भाषियों के अलावा उत्तर भारतीय, मुस्लिम, तेलुगु, तमिल, गुजराती व मारवाड़ी मतदाता हैं। तेलुगु, तमिल व गुजराती समुदायों का भी यहां जबर्दस्त दबदबा है। माना जाता है कि यहां के गैर-मराठी मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं।