दिग्गज नर्तक पद्मश्री अस्ताद देबू नहीं रहे, 73 वर्ष की उम्र में मुंबई में निधन

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : मशहूर नर्तक अस्ताद देबू का निधन हो गया है। अस्ताद देबू की उम्र 73 साल थी। परिवार के मुताबिक, अस्ताद देबू कुछ वक्त से बीमार थे, जिसके बाद 10 दिसंबर की सुबह उनका निधन हो गया।

परिवार की ओर से  सोशल मीडिया पर जारी की गई सूचना में कहा है, ”10 दिसंबर की सुबह वो इस दुनिया से विदा हो गए। हल्की बीमारी के बाद मु्ंबई स्थित घर पर ही उनका निधन हुआ। वो अपने पीछे एक समृद्ध विरासत छोड़ गए हैं। कला के प्रति उनका समर्पण अमिट है। उनके नृत्य को पंसद करने वालों की बड़ी तादाद रही है। यह मौत परिवार, दोस्त और नृत्य की दुनिया से जुड़े लोगों को दुखी करने वाली है। हम उनकी कमी महसूस करेंगे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।”

अस्ताद देबू की गिनती उन नर्तकों में होती है, जिन्होंने आधुनिक और पुराने जमाने के भारतीय नृत्य को एक किया और युवा पीढ़ी के सामने पेश किया। गुजरात के नवसारी में 13 जुलाई, 1947 को जन्मे अस्ताद देबू ने अपने गुरु प्रह्लाद दास से कथक की शिक्षा ली थी।  डांस की दुनिया में करीब पांच दशक तक राज करने वाले अस्ताद देबू ने दुनिया के 70 देशों में परफॉर्म किया था।

सिर्फ डांस ही नहीं बल्कि समाजसेवा के क्षेत्र में भी उन्होंने लगातार काम किया। भारत और विदेश में अस्ताद देबू ने सुन ना पाने वाले बच्चों की सेवा की। साल 2002 में अस्ताद देबू डांस फाउंडेशन के जरिए उन्होंने दिव्यांगों को मदद पहुंचानी शुरू की।  अस्ताद देबू ने बॉलीवुड डायरेक्टर मणिरत्नम, विशाल भारद्वाज जैसे दिग्गजों के साथ काम किया। अस्ताद देबू को 1995 में संगीत नाटक अकादमी दिया गया, इसके अलावा 2007 में उन्हें पद्म श्री से नवाजा गया।