VIDEO VIRAL : ‘लगावे लू लिपिस्टिक’ गाने पर ‘देसी डांस’ करते नज़र आये ऋतिक रोशन, वीडियो हो रहा वायरल

समाचार ऑनलाइन – रितिक रोशन की फ़िल्म सुपर 30 (Super 30) रिलीज़ के लिए तैयार है। इस फ़िल्म में रितिक ने पटना की सुपर 30 कोचिंग संचालक आनंद कुमार का किरदार निभाया है। इस किरदार के लिए रितिक ने ख़ुद को काफ़ी बदला है। रंग-रूप से लेकर बोलचाल तक में रितिक बिल्कुल कैरेक्टर में ढल गये हैं। अब सोशल मीडिया में रितिक का एक दिलचस्प वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो भोजपुरी सिनेमा के एक बेहद लोकप्रिय गाने लगावे लू जब लिपस्टिक  पर खूब डांस करते नज़र आ रहे हैं।

ख़ास बात यह है कि रितिक अकेले इस मस्तीभरे गाने पर नहीं थिरक रहे हैं, बल्कि उनके साथ सुपर 30 कोचिंग के स्टूडेंट्स का किरदार निभाने वाले बच्चे भी जमकर डांस कर रहे हैं। इस देसी गाने पर रितिक बीच-बीच में ब्रेक डांस के स्टेप भी जोड़ देते हैं। यह वीडियो सुपर 30 के सेट पर लिया गया है और ख़ुद रितिक ने इसे इंस्टाग्राम पर शेयर किया है।

एक वीडियो पोस्ट करने के साथ रितिक ने लिखा है- ”अपनी निराशा के सबसे बुरे दौर में भी हमें मजबूत बने रहने के लिए अपना साहस, ताक़त और बुद्धि नहीं छोड़नी चाहिए। खड़े हो जाओ और अगर करना पड़े तो नाचो भी। परिस्थितियों को आप नियंत्रित कीजिए, परिस्थितियों को ख़ुद को नियंत्रित मत करने दीजिए। सुपर 30 क्लास की बिल्कुल अलग तस्वीर। विभिन्न पृष्ठभूमियों से आने वाले अपने सह कलाकारों के साथ मैंने वाकई बहुत आनंद उठाया है। इनमें से कई पहली बार कैमरा फेस कर रहे हैं।”

बता दें कि रितिक रोशन की सुपर 30, 12 जुलाई को रिलीज़ हो रही है। यह पहली बार है, जब रितिक पर्दे पर रियल लाइफ़ से प्रेरित किरदार निभा रहे हों। सुपर 30 को विकास बहल ने डायरेक्ट किया है। इसकी कहानी मैथमेटिशियन आनंद कुमार के संघर्षों और उपलब्धियों पर आधारित है।