जम्मू एवं कश्मीर में भारी बर्फबारी के बाद मौसम में सुधार

श्रीनगर (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – जम्मू एवं कश्मीर में इस मौसम की सबसे भारी बर्फबारी के बाद शुक्रवार को मौसम में सुधार हुआ है। मौसम विभाग ने शनिवार को मौसम में और सुधार का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने कहा, “पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और भारी बर्फबारी हो रही थी जिसका प्रभाव अब खत्म हो रहा है। मौसम पहले से बेहतर हुआ है और हम अगले 24 घंटों के दौरान और सुधार की उम्मीद कर रहे हैं।”

पिछले 24 घंटों में कश्मीर घाटी में भारी बर्फबारी से विभिन्न स्थानों पर हिमस्खलन और भूस्खलन की घटनाएं दर्ज की गईँ। वहीं, गुरुवार से यहां के ऊंचाई वाले इलाकों में सात से आठ फीट जबकि मैदानी इलाकों में एक से दो फीट तक बर्फ जमा थी। मौसम ने कहा कि यह इस मौसम की अब तक सबसे भारी बर्फबारी है। लोगों को बर्फ के टीलों के नीचे खिसकने के मद्देनजर सावधान रहने के लिए कहा गया है।

श्रीनगर में तापमान शून्य से एक डिग्री नीचे जबकि पहलगाम में शून्य से 4.3 डिग्री नीचे और गुलमर्ग में शून्य से 7.5 डिग्री नीचे रहा। लद्दाख के लेह में तापमान शून्य से 6.5 डिग्री नीचे, कारगिल में शून्य से 16.6 डिग्री नीचे और द्रास में शून्य से 9.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। जम्मू शहर में तापमान 6.1 डिग्री, कटरा में 5.9 डिग्री, बटोटे में शून्य से 2.5 डिग्री और बनिहाल व भदरवाह में शून्य से 0.4 डिग्री नीचे रहा।