बिहार में मौसम साफ, ठिठुरन बढ़ी

पटना (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – बिहार की राजधानी पटना तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में बुधवार मौसम साफ है तथा खिली हुई धूप निकली है। इस बीच, मंगलवार की तुलना में बुधवार को न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गया का बुधवार को न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने अपने पूर्वानुमान में कहा गया है कि पटना तथा आसपास के क्षेत्रों में अगले एक दो-तीनों दिनों के अंदर मौसम साफ रहने के आसार हैं, हालांकि तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। सुबह और शाम अधिकांश क्षेत्रों में कोहरा छाया रहेगा और ठंडी हवा के कारण ठंड और कनकनी में वृद्घि होगी। राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी तापमान में गिरावट आने के आसार हैं।

पटना का बुधवार को न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर का 8.2 डिग्री सेल्सियस जबकि पूर्णिया का 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी पटना का बुधवार को अधिकतम तापमान भी 23.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं। मंगलवार को पटना का न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

इस बीच, पटना जिला प्रशासन ने ठंड, कनकनी और कोहरे के कारण आठवीं कक्षा (वर्ग) तक के सभी स्कूलों को पांच जनवरी तक बंद रखने का निर्देश दिया है।