उप्र में शुष्क रहेगा मौसम

लखनऊ,15 नवंबर (आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश की राजधानी के आस-पास के इलाके में सुबह से धूप निकली हुई है। फिलहाल प्रदेश में अभी मौसम शुष्क ही रहेगा। कई जगहों पर धुआं और कुहासा छा सकता है। शुक्रवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, पछुआ हवाओं के चलने के साथ ही तापमान के गिरने के सिलसिला शुरू हो गया है। इस कारण कई जगह कोहरा छाया रहेगा। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। हवा की रफ्तार हल्की रहेगी।

शुक्रवार को आगरा का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री, बरेली का 14 डिग्री, मेरठ का 14 डिग्री, गोरखपुर का 16 डिग्री और बहराइच का 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

वहीं, गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।