सुकृत पुरस्कार’ से नवाजे जाएंगे ट्री मैन विष्णु लाम्बा

पुणे समाचार
ट्री मैन विष्णु लाम्बा और सामाजिक कार्यकर्ता श्रीनिवास चुंचूवार को वंचितविकास संस्था के  ‘सुकृत पुरस्कार’ से नवाज़ा जाएगा। शनिवार शाम 5 बजे पत्रकार भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्हें सामाजिक कार्यकर्ता पराग ठाकुर और सहायक पुलिस आयुक्त भानुप्रताप बर्गे के हाथों यह सम्मान दिया जाएगा। वंचित विकास संस्था की निदेशक सुनीता जोगलेकर ने बताया की वंचित विकास प्रति वर्ष देश के किसी एक व्यक्ति अथवा संस्था को प्रशंसा पत्र और नकद राशि भेंटकर पुरस्कृत करता है। इस बार जयपुर के पर्यावरणविद विष्णु लाम्बा का चयन राष्ट्रीय स्तर पर किया गया है। वृक्ष पुरुष लाम्बा कल्पतरु संस्थान के अध्यक्ष हैं और कई ऐतिहासिक कार्यों को अंजाम दे चुके हैं। तीस साल की उम्र में लांबा ने लाखों वृक्ष लगाए हैं। मुफ्त पक्षी चिकित्सा शिविर, वृक्षारोपण, नेत्रदान, रक्तदान, वस्त्रदान, सैनिकों का सम्मान, पक्षी मित्र का सम्मान ऐसे कई उपक्रम उन्होंने किए हैं।

वहीं श्रीनिवास चुंचूवार ने विदर्भ और मराठवाडा की जेल में जाकर कैदियों के लिए काम किया है। निबंध प्रतियोगिता, कवि सम्मेलन जैसे आयोजन उन्होंने किये हैं। गडचिरोली के जंगल में शहिद हुए सैनिकों के बच्चों के लिए स्कूली किताबें प्रदान करने और वीरों की पत्नियों एवं माताओं का सम्मानित करने के साथ-साथ वह कैदियों का मन परिवर्तन करने में भी लगे हैं।