छत्तीसगढ़ में कौन बनेगा मुख्यमंत्री?, ये चार हैं दावेदार

रायपुर : समाचार ऑनलाइन – छत्तीसगढ़ में भाजपा का सूपड़ा साफ़ करने के बाद कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पद पर किसे बैठाया जाए, इस बारे में कार्यकर्ताओं की राय लेना शुरू कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं को दे रहे हैं, लिहाजा वो चाहते हैं कि कार्यकर्ता भी मुख्यमंत्री के चुनाव में भागीदारी निभाएं। राहुल की तरफ से प्रदेश के प्रत्येक कार्यकर्ता से फ़ोन पर पूछा जा रहा है कि वो किसे मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहेंगे।

कस्टमाइज मैसेज में राहुल गांधी फोन पर पार्टी कार्यकर्ताओं बधाई देते सुनाई दे रहे हैं। साथ ही उनसे पूछ रहे हैं कि उनकी नजर में प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री किसे होना चाहिए, वह अपनी पसंद का नाम बताएं। कार्यकर्ताओं को बीप के बाद अपनी पसंद के उम्मीदवार का नाम बताना है। राहुल के फ़ोन की पुष्टि करते हुए प्रदेश प्रवक्ता शैलेष नितिन त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी का फोन कार्यकर्ताओं को पहुंच रहा है और उनसे मुख्यमंत्री के नाम के बारे में जानने की कोशिश की जा रही है।

बता दें कि प्रदेश के कई नामचीन चेहरे मुख्मंत्री पद के प्रबल दावेदार हैं, जिनमें मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव, ताम्रध्वज साहू और डॉ चरणदास महंत का नाम अव्वल है।

ये हैं प्रमुख दावेदार

भूपेश बघेल – बघेल मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं और नेताओं में दम फूंकने का काम किया है और उन्हें अब इनाम का इंतजार है। बघेल को ओबीसी का बड़ा नेता माना जाता है। छत्तीसगढ़ में ओबीसी की आबादी करीब 36 फीसदी है। जिसके बाद उनका नाम सबसे आगे आता है।

टीएस सिंहदेव – टीएस सिंहदेव भी सीएम की कुर्सी के दावेदार बताए जा रहे हैं वह अंबिकापुर सीट से मैदान में उतरे थे। 2013 से वो नेता विपक्ष की भूमिका में हैं। इस बार वो घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष थे। वो राहुल गांधी के करीबी भी माने जाते हैं। उनकी छत्तीसगढ़ की जनता में एक पहचान भी है।

ताम्रध्वज साहू – मोदी लहर के बीच 2014 लोकसभा चुनाव में वो छत्तीसगढ़ से कांग्रेस के अकेला चेहरा थे जो जीतने में कामयाब रहे। जातिगत राजनीति के मद्देनजर उनकी वर्ग विशेष में खासी पहुंच है। वह कांग्रेस की ओबीसी विंग के अध्य़क्ष है।

डॉ. चरणदास महंत – महंत मध्यप्रदेश सरकार में गृहमंत्री और यूपीए-2 में राज्य मंत्री रह चुके हैं। पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने उन्हें मुख्यमंत्री पद का दावेदार बताया था।