क्यों 15 साल बाद इस कांग्रेसी ने पहनी चप्पल?

भोपाल: समाचार ऑनलाइन – कांग्रेसी कार्यकर्ता दुर्गालाल किरार ने 15 साल बाद आख़िरकार चप्पल पहन ली है। दरअसल, करार ने संकल्प लिया था कि जब तक मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बनेगी तब तक वह नंगे पैर ही रहेंगे। 40 वर्षीय किरार ने मुख्यमंत्री कमलनाथ और वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की उपस्थिति में चप्पल पहनी। कमलनाथ ने अपने ट्वीट पर इसका उल्लेख करते हुए लिखा है, ‘‘आज निवास पर राजगढ़ के कार्यकर्ता श्री दुर्गा लाल किरार से मिलकर उन्हें चप्पल पहनाई, उन्होंने संकल्प लिया था कि जब तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बनेगी तब तक चप्पल नहीं पहनेंगे। ऐसे कार्यकर्ताओं को सलाम है जो पूरी निष्ठा से कांग्रेस के लिए दिन रात मेहनत करते है”।

ट्विटर पर मुख्यमंत्री ने इस मौके का फोटो भी शेयर किया है। राजगढ़ से लगभग 20 किलोमीटर दूर लिम्मबोदा गांव के रहने वाले दुर्गालाल दिग्विजय सिंह के समर्थक हैं। दुर्गालाल ने 15 साल पहले प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद 2003 में कांग्रेस की सरकार बनने तक पैरों में चप्पल नहीं पहनने और नंगे पैर रहने का संकल्प लिया था। अब 15 साल बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी, तो उनका संकल्प पूरा हुआ और उन्होंने मुख्यमंत्री कमलनाथ के निवास पर उनकी मौजूदगी में नई चप्पल पहनी। मालूम हो कि दिग्वियज सिंह वर्ष 1993 से 2003 तक कांग्रेस सरकार के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री थे लेकिन 2003 में कांग्रेस विधानसभा चुनाव हार गई थी और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी थी।