मामूली विवाद में महिला पुलिस के पति की हत्या

पिंपरी। मामूली विवाद में मुंबई में कार्यरत एक महिला पुलिसकर्मी के पति की हत्या किए जाने की वारदात गुरुवार की रात सवा 11 बजे हिंजवड़ी के लक्ष्मी चौक में सामने आई है। मृतक का नाम राजकुमार मुरलीधर घुगे (48, एमआईडीसी पुलिस बसाहट, अंधेरी ईस्ट, मुंबई) है। उनकी पत्नी मुंबई पुलिस में तैनात है। हिंजवड़ी पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य दो आरोपियों की तलाश शुरू है।
इस मामले में गिरफ्तार किये गए आरोपियों में नंदकुमार श्रीपतराव ढोकले (55), प्रमोद नंदकुमार ढोकले (32, दोनों निवासी नारायण कॉम्प्लेक्‍स, हिंजवडी, पुणे), प्रशांत नंदकुमार ढोकले (35, निवासी जाधव बस्ती, मुलशी, पुणे) का समावेश है। उनके समेत कुल पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। इस बारे में रमेश तुकाराम गायकवाड (48, निवासी कांदिवली, मुंबई ईस्ट) ने हिंजवडी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राजकुमार और आरोपी नंदकुमार का बीती रात हिंजवडी में एक वाईन्स शॉप के सामने स्नॅक्‍स्‌ देने को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद जब वे रमेश गायकवाड़ और उनके दोस्त लक्ष्मी चौक के एक होटल में से खाना खाकर बाहर निकले तब नन्दकुमार और उसके साथियों ने राजकुमार से मारपीट की, जिसमें उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद आरोपियों ने रमेश को पुणे छोड़कर निकल जाने के लिए धमकाया। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।