डेढ़ हजार की घूस लेते महिला पुलिसकर्मी गिरफ्तार

पिंपरी। सँवाददाताडेढ़ हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एक महिला पुलिस हवलदार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) पुणे की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को पिंपरी चिंचवड़ के सांगवी पुलिस थाने में दोपहर को यह कार्रवाई की गई। इसमें संगीता विनोद गायकवाड (48) नामक पुलिस हवलदार को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ सांगवी थाने में भ्रष्टाचार प्रतिबंध कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने पिंपले गुरव में एक दुकान किराए पर ले रखी है। किराया अनुबंध खत्म होने के बाद भी उसने कब्जा नहीं छोड़ा। इसके चलते मूल दुकान मालिक ने सांगवी पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसकी जांच पुलिस हवलदार संगीता गायकवाड़ के पास था। उसने शिकायतकर्ता को दुकान खाली करने के लिए समय बढ़ाकर देने के पांच हजार रुपए की रिश्वत मांगी। बाद में बात तीन हजार रुपए पर तय हुई। इस बीच शिकायतकर्ता ने एसीबी के पास इसकी शिकायत कर दी। इसकी पुष्टि करने के बाद एसीबी की टीम ने सांगवी थाने में जाल बिछाया। यहां हवलदार गायकवाड़ को शिकायतकर्ता से रिश्वत की पहली किश्त के तौर पर डेढ़ हजार रुपए स्वीकारते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया गया।