इस राज्य में महिला पुलिस भी नहीं है सुरक्षित; वरिष्ठों पर लगाया शोषण का आरोप

इस राज्य में महिला पुलिस भी नहीं है सुरक्षित; वरिष्ठों पर लगाया शोषण का आरोप

इंदौर। समाचार एजेंसी

देश में महिलाएं कहीं पर भी सुरक्षित नहीं हैं, यहां तक कि महिलाओं की सुरक्षा का दायित्व जिनपर है वे पुलिस महकमे में काम करने वाली महिलाएं भी इसमें अपवाद नहीं रही है। चौंकियेगा नहीं,इंदौर के पुलिस कंट्रोल रूम के पास ऐसी ही शिकायतें आई है। इसमें आरोप लगाया गया है कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी महिला पुलिसकर्मियों का शोषण कर रहे हैं उन्हें जबरन रात को बंगले पर बुलाते हैं।

शिकायत में पुलिस कंट्रोल रूम पर पदस्थ एक डीएसपी पर आरोप लगाया गया है कि वह डीआरपी लाइन में पदस्थ महिला पुलिसकर्मियों के साथ शराब पार्टी करते हैं। इसी तरह के आरोप रिजर्व इंस्पेक्टर (आरआई) पर भी लगाए गए हैं। कहा जा रहा है कि उनके गिरोह में लाइन अफसर, एसएस शुक्ला, सिपाही देवीलाल, विनोद, ड्यूटी टेलर सहित प्रधान आरक्षक सेंगर भी शामिल हैं। मुख्यालय पहुंची शिकायत के बाद अफसरों को दो महिला सिपाही और एक पुरुष सिपाही पर शक था, जिसके बाद उनका तबादला कर दिया गया। बहरहाल इस मामले की जांच भी शुरू हो चुकी है। इस दौरान महिला आईपीएस ने डीएसपी, आरआई, लाइन अफसर समेत करीब 50 पुलिस कर्मियों से भी पूछताछ की है।

शिकायत में डीएसपी के करीबी पुलिसकर्मियों पर भी आरोप लगे हैं कि वह महिला सिपाहियों को देर रात बंगलों में जाने के लिए दबाव बनाते थे। इस मामले की जांच डीआईजी हरि नारायण चारी मिश्र ने महिला आईपीएस वाहनी सिंह को सौंप दी है। ड्यूटी टेलर पर भी आरोप है कि वह डीएसपी के इशारे पर कमिशन लेकर ड्यूटी लगाया करता था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पुलिस लाइन के वरिष्ठ अफसर ट्रेनी अफसरों से करीबी बनाते थे। मामला महिलाओं के शोषण और वरिष्ठ अफसरों द्वारा शराब पार्टी का होने के कारण गंभीरता से जांचा जा रहा है। एएसपी वाहनी के मुताबिक उन्होंने शिकायत में आठ बिंदुओं पर संदेही अफसरों और करीब 50 पुलिसकर्मियों से पूछताछ की है।