महिला मरीजों से करता था अश्लील हरकत; फिर बनाता था वीडियो

अहमदनगर। समाचार ऑनलाइन

महिला मरीजों के साथ अश्लील हरकत करने के बाद उसकी वीडियो बनाने वाले एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया है। मामला महाराष्ट्र के अहमदनगर के श्रीरामपुर का है जहां पुलिस ने संजीव बार्से नाम के डॉक्टर को गिरफ्तार किया है।यह डॉक्टर इलाज के लिए आने वाली महिलाओं के साथ अशलील हरकतें करता था। इतना ही नहीं वह चोरी छिपे महिलाओं का वीडियो भी बनाता था।

एक अज्ञात महिला की शिकायत पर बुधवार को श्रीरामपुर पुलिस ने डॉक्टर संजीव बार्से को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से अश्लील फोटो और वीडियो की सीडी भी बरामद हुई है। इस सीडी में डॉक्टर महिला मरीजों के साथ अश्लील हरकतें करते साफ दिखाई दे रहा है। श्रीरामपुर पुलिस ने अन्य महिलाओं से आह्वान किया है कि आरोपी डॉक्टर के खिलाफ शिकायत करने के लिए पीड़ित महिलाएं सामने आएं ताकि डॉक्टर के खिलाफ कड़ा मामला बन सके और उसे सजा दिलाई जा सके।

महिला ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि, संजीव पहले तो अपनी क्लीनिक में इलाज कराने आने वाली महिलाओं की अश्लील वीडियो बनाता था फिर उन्हें वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल भी करता था। शिकायत मिलने पर पुलिस की टीम डॉक्टर के क्लीनिक पहुंची। खोजबीन करने पर क्लीनिक में महिला द्वारा बताए गए जगहों पर खुफिया कैमरे मिले। इसके बाद पुलिस ने बार्से को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक, इससे पहले कई शहरों के अस्पतालों में डॉक्टर बार्से काम कर चुका है और अपना प्राइवेट क्लीनिक चला चुका है। पुलिस को शक है कि वहां पर भी उसने ऐसी हरकतें की होंगी।