पीरियड्स के दौरान महिलाओं को मिलेगी एक दिन की छुट्टी 

कोलकाता : समाचार ऑनलाइन – मैटरनिटी लीव, चाइल्ड केयर लीव के बाद अब कोलकाता की एक डिजिटल मीडिया कंपनी ने अपनी महिला कर्मचारियों को खास तोहफा दिया है। एक साल पुरानी फर्म,फ्लाईमाइबिज ने महिला कर्मियों के लिए पीरियड्स की छुट्टी शुरू की है।  2019 से हर महीने एक दिन की छुट्टी मिलेगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के संस्थापक-सीईओ सामयो दत्ता ने कहा है कि उनकी कंपनी की सभी महिला कर्मचारियों को हर महीने एक अतिरिक्त छुट्टी मिलेगी।

आगे उन्होंने कहा कि कर्मचारी संतुष्टि हमारा कर्तव्य है। अगर वे संतुष्ट हैं, तो हमें भी खुशी होगी। हम किसी पर अहसान नहीं कर रहे हैं। हम सभी जानते हैं कि इस दौरान महिलाओं को कितना मानसिक और शारीरिक दर्द होता है।

सामयो ने दावा किया कि उनकी कंपनी ये फैसला लेने वाली राज्य की पहली कंपनी है। भारत में वह मुंबई की दो कंपनियों के बाद तीसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने इस तरह की पहल शुरू की है। जब उनसे पूछा गया कि तो उनकी फर्म में काम करने वाली महिलाएं अपने सीईओ से मिले नए साल के उपहार पर कैसी प्रतिक्रियाएं दे रही हैं तो सामयो ने कहा कि फ्लाईमाइबिज में काम करने वाली सभी 12 महिलाएं उनके फैसले से खुश हैं। पुरुष कर्मचारियों ने भी फर्म की पहल का समान रूप से स्वागत किया है।