जहांगीर हॉस्पिटल के कर्मचारियों का काम बंद आंदोलन तीसरे दिन भी जारी 

पुणे : समाचार ऑनलाईन – मजदूर दिवस पर विभिन्न मांगों को लेकर काम बंद आंदोलनफ करने वाले जहांगीर के कर्मचारियों का आंदोलन तीसरे दिन भी जारी है। शुक्रवार सुबह 11 बजे से फिर से एक बार कर्मचारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने आंदोलन किया। बकाया वेतन और बोनस नहीं मिलने, स्थाई कामगारों के परिवार के सदस्यों के मुफ्त इलाज से मना करने, वेतन वाली छुट्टी देने से मना करने सहित कई मांगों को लेकर जहांगीर हॉस्पिटल के कर्मचारी त्रस्त है। इसलिए मजदूर दिवस पर जहांगीर के कर्मचारियों ने हॉस्पिटल के सामने आंदोलन किया। इस दौरान पुलिस ने आंदोलनकारियों को हिरासत में लेने के बाद छोड़ दिया।

बुधवार को मजदूर दिवस पर जहांगीर हॉस्पिटल के कर्मचारियों ने काम बंद आंदोलन किया। पिछले 11 महीने से हॉस्पिटल प्रशासन की तरफ से शोषण होने का आरोप कर्मचारियों ने लगाया है। इस बीच कर्मचारियों की मांग के संदर्भ में प्रशासन ने सकारात्मक रिस्पांस दिया है। फिर भी मांग माने जाने का लिखित आश्वासन नहीं मिलने तक काम बंद आंदोलन जारी रहेगा। यह जानकारी रोगी अधिकार समिति (रुग्ण हक्क परिषद) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश चव्हाण ने दी।

कर्मचारियों ने आंदोलन के संदर्भ में हॉस्पिटल प्रशासन को निवेदन दिया है। इस आंदोलन के संबंध में हॉस्पिटल के सीईओ जॉर्ज इपेन ने कहा  कि हम आंदोलनकारियों की मांगों पर विचार कर रहे हैं। कर्मचारियों की कुछ मांगें निराधार है। इसके अलावा कर्मचारियों की मांग को लेकर कोर्ट में केस चल रहा है। इसलिए यह आंदोलन गैरकानूनी है। मामले में अगली सुनवाई 6 मई को होगी। इस अवधि में कमचारियों द्वारा आंदोलन करना गलत है। कर्मचारियों के आंदोलन करने की वजह से हॉस्पिटल के कामकाज पर इसका प्रभाव पड़ रहा है।