22 लोकसभा सीटें जीते तो 24 घंटे के भीतर बना लेंगे सरकार: येदियुरप्पा 

बेलागवी : समाचार ऑनलाइन – कर्नाटक की भाजपा इकाई अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा ने दावा किया है कि अगर उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव में 22 सीटें जीतती है तो वे 24 घंटे के भीतर राज्य में सरकार बनाएंगे। येदियुरप्पा ने कल यारागट्टी गांव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि अगर कर्नाटक के लोग हमें आगामी लोकसभा चुनावों में 22 सीटें देते हैं, तो हम कर्नाटक में 24 घंटे के भीतर सरकार बनाएंगे।

बता दें कि कर्नाटक में 28 लोकसभा सीटें हैं, जिनमें से वर्तमान में भाजपा के पास 16 सीटें हैं जबकि कांग्रेस और जनता दल (सेकुलर) के पास क्रमशः 10 और 2 लोकसभा सीटें हैं। इससे पहले भी येदियुरप्पा ने कर्नाटक के चित्रदुर्ग में कहा था कि पाकिस्तान के भीतर घुसकर आतंकी शिविरों को बर्बाद करने के कदम से देश में मोदी के समर्थन में लहर बनी है। और इसका नतीजा आगामी लोकसभा चुनाव में नजर आ सकता है। इसने नौजवानों में जोश भर दिया है। इससे हमें कर्नाटक में लोकसभा की 22 से ज्यादा सीटें जीतने में मदद मिलेगी।

बता दें कि मई 2018 में विधानसभा चुनावों के तुरंत बाद मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले येदियुरप्पा को इस्तीफा देना पड़ा क्योंकि राज्य विधानसभा में 111 के बहुमत के निशान से भाजपा पीछे थी।