अयोध्या को वेटिकन सिटी और मक्का से भी खूबसूरत बनाएंगे योगी 

प्रयागराज. ऑनलाइन टीम : वेटिकन सिटी और मक्का मदीना  दुनिया के दो ऐसे बड़े धार्मिक स्थल हैं, जो इबादत के साथ अपनी खूबसूरती के लिए भी जाने जाते हैं। दोनों ही स्थल देखते ही बनते हैं। जो एक बार नजदीक से देखता है, बस देखते ही रहता है। लगता है वास्तव में धरती पर यह स्वर्ग हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी की सरकार ने अब अयोध्या को इनसे भी ज़्यादा खूबसूरत और विकसित करने का दावा किया है। दावे में कहा गया है कि आने वाले कुछ सालों में अयोध्या दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक सेंटर बनेगा।

बता दें कि दुनिया में करीब 110 करोड़ लोग हिंदू धर्म के अनुयायी हैं और अब इनकी इच्छा है कि बाकी धर्मों की तरह इनके लिए भी एक भव्य मंदिर का निर्माण हो, जिसकी आधारशिला बीते दिनों देश के प्रधानमंत्री ने रखी। अयोध्या में राम मंदिर के हकीकत बनने की हसरत अब आकार लेने को तैयार है।  योगी सरकार दीपावली पर अयोध्या में भव्य दीपोत्सव मनाने के बाद भगवान राम की इस नगरी को विकसित करने के बारे में नये सिरे से कवायद शुरू करेगी। सूबे के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह के मुताबिक़ सरकार धार्मिक स्थल के साथ ही पर्यटन के नज़रिये से भी अयोध्या को विकसित करने की तैयारी में हैं।

इस बारे में काम शुरू भी हो चुका है।  मंत्री सिद्धार्थनाथ के मुताबिक़ अयोध्या में इस बार की दीपावली बेहद ख़ास होगी। तकरीबन पांच सौ सालों बाद सनातन धर्मियों के आराध्य भगवान राम की उनके घर में मूर्त रूप में वापसी हुई है। मंदिर का निर्माण शुरू हो चुका है। इसी वजह से सरकार इस बार के दीपोत्सव में वहां साढ़े पांच लाख दीपों की रोशनी करेगी।